दुनिया के जाने माने भौतिक विज्ञानी स्टीफन हॉकिंग ने जलवायु परिवर्तन को लेकर चेतावनी दी है। हॉकिंग का कहना है कि पेरिस जलवायु समझौते से ट्रंप का हाथ खींच लेना पृथ्वी को ग्लोबल वार्मिंग के उस स्तर पर लाकर खड़ा कर देगा जहां से वापस आना नामुमकिन होगा।
पिछले महीने ही अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने पेरिस जलवायु समझौते से किनारा कर लिया था। इस समझौते पर करीब 200 देशों ने हस्ताक्षर किए हैं। ट्रंप ने अमेरिका के व्यावसायिक हित का हवाला देते हुए इस समझौते पर पुनर्विचार करने की बात कहकर अपने देश को इससे अलग कर लिया था।
75 वर्षीय ब्रिटिश वैज्ञानिक हॉकिंग का कहना है कि ट्रंप के इस फैसले से पृथ्वी को शुक्र ग्रह बनने में समय नहीं लगेगा। अगर ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते स्तर पर लगाम नहीं लगाई गई तो पृथ्वी का तापमान 250 डिग्री सेल्सियस हो जाएगा, जिससे यहां सल्फ्यूरिक एसिड की बारिश होने की संभावना है।
कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर हॉकिंग ने वर्तमान में ग्लोबल वार्मिंग को मानव सभ्यता के लिए बहुत बड़ा खतरा बताया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस पर अभी से ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में काफी बड़ा संकट पैदा होने से कोई नहीं रोक सकेगा।