ब्रिटेन के डॉक्टरों ने गैर पारंपरिक उपचार के जरिए एक व्यक्ति की ज़िंदगी बचाई है। डॉक्टरों ने इसके तहत दिल तक जाने वाली धमनियों में संतुलित मात्रा में शराब प्रवाहित की।
ब्रिटेन में ब्रिस्टल के नजदीक पोर्टिसहेड में 77 वर्षीय रोनाल्ड एल्डम की दिल की धड़कनें असामान्य तौर पर तेज़ हो गईं थीं जिसे 'वेंट्रीकुलर टैकीकार्डिया' कहा जाता है। अगर समय पर इसकी जांच न हो तो इससे व्यक्ति की जान जा सकती है। डॉक्टरों ने आमतौर पर ऐसी स्थिति में किए जाने वाले उपचार के ज़रिए इलाज की कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। आखिरकार उन्होंने शुद्ध एथेनॉल यानी शराब का इस्तेमाल कर उस व्यक्ति को नियंत्रित तौर पर दिल का दौरा दिया ताकि दिल की कुछ मांसपेशियों को नष्ट किया जा सके।
एथेनॉल से उपचार
डॉक्टरों ने इस प्रक्रिया के तहत कमर और जांघ के बीच के हिस्से में मौजूद एक धमनी में एक नलिका डालकर हृदय की ओर जाने वाली रक्तवाहिकाओं पर नियंत्रण बनाया। नलिका के जरिए जब यह पता चला कि हृदय के किस हिस्से से खून का दबाव खतरनाक तरीके से बढ़ रहा है, तब डॉक्टरों ने अंदाजा लगाया कि उसमें एथेनॉल की थोड़ी मात्रा डाली जा सकती है।
दिल की मांसपेशी के जिस हिस्से में दिक्कत आ रही थी, उस हिस्से की मांसपेशियों को एथेनॉल के जरिए नष्ट किया गया, ताकि दिल की धड़कनें सामान्य हो जाएं। ब्रिटेन में ऐसी उपचार विधि को कुछ दफा ही आजमाया गया है। ब्रिस्टल हृदय संस्थान में इस ऑपरेशन को अंजाम देने वाले हृदय विशेषज्ञ डॉक्टर टॉम जॉन्सन ने जानकारी दी कि एल्डम अब पहले से काफी बेहतर हैं।
उनका कहना था, "जब तक वह पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाते तब तक उनके अस्पताल से वापस जाने का कोई सवाल नहीं था। इसके अलावा और कोई विकल्प भी नहीं था।" एल्डम अब स्वस्थ हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। उन्होंने कहा, "मेरे लिए यह बड़ी अनोखी बात है कि डॉक्टरों ने मेरी मदद के लिए भरपूर कोशिश की। अगर उन्होंने ऐसी कोशिश नहीं की होती तो मैं यहां नहीं होता।"