19 मई को प्रिंस हैरी और अमेरिकी अभिनेत्री मेगन मार्केल की शाही शादी होने वाली है। मगर प्रिंस से शादी होने के बावजूद मेगन को अमेरिकन प्रिंसेस मेगन नहीं कह पाएंगे। बेशक अमेरिकी अभिनेत्री ब्रिटेन के शाही परिवार का हिस्सा बनने वाली हैं लेकिन वह कभी भी आधिकारिक तौर पर एक राजकुमारी नहीं बनेंगी। उन्हें डचिस का पद दिया जाएगा।
सीएनएन के अनुसार शादी के बाद मार्केल
हैरी के टाइटल के साथ ही उनके नाम को अपना लेंगी। उनका नाम प्रिंसेस हेनरी ऑफ वेल्स हो जाएगा। इसके अलावा महारानी उन्हें कोई और टाइटल दे सकती हैं। प्रिंस हैरी का असली नाम हेनरी है। माना जा रहा है कि अपनी पूरी जिंदगी मेगन को प्रिंसेस हेनरी के तौर पर नहीं जाना जाएगा। शाही इतिहासकार मार्लिन कोइंग ने बताया कि अगर शादी के बाद प्रिंस विलियम की तरह हैरी को ड्यूक की उपाधि दी जाती है तो
मेगन अपनी जेठानी केट मिडिलटन की तरह डचिस कहलाएंगी।
मेगन अपने नाम के आगे आधिकारिक तौर पर प्रिंसेस शब्द का इस्तेमाल इसलिए नहीं कर सकतीं क्योंकि उनका जन्म ना तो शाही परिवार में हुआ है और ना ही वह ब्रिटेन से ताल्लुक रखती हैं। शनिवार को होने वाली शादी में मेगन के पिता की रस्म ससुर और प्रिंस चार्ल्स करेंगे क्योंकि उनके पिता की तबीयत काफी खराब है और वह शादी में आने की स्थिति में नहीं हैं। इसी वजह से प्रिंस चार्ल्स सेंट जॉर्ज चैपल में पिता की रस्में निभाएंगे।
शाही महल केंनिंग्सटन के अनुसार खुद मेगन ने इस रस्म को निभाने का आग्रह अपने होने वाले ससुर प्रिंस चार्ल्स से किया था, जिसे उन्होंने मान लिया। ईसाई रीति-रिवाज से होने वाली शादियों में पिता दुल्हन का हाथ थामकर उन्हें पादरी और दूल्हे के पास ले जाते हैं। यह शाही शादी सेंट जॉर्ज चैपल, विंडसर कैसल में होगी। जिसे दुनिया के सबसे पुराने महलों में से एक माना जाता है।