स्कॉटलैंड में हुए एक नए शोध से पता चला है कि नाचने, पढ़ने और नाटक देखने वाले स्कॉट लोगों का स्वास्थ्य ज़्यादा बेहतर रहता है।
शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में पाया कि सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी करने वाले स्कॉट लोगों का स्वास्थ्य ज़्यादा बेहतर रहता है और वो अपने जीवन से ज़्यादा संतुष्ट रहते हैं।
“इम्पैक्ट ऑफ कल्चरल इंगेजमेंट एंड स्पोर्टस पार्टिसिपेशन ऑन हेल्थ एंड सैटिसफैक्शन विथ लाइफ इन स्कॉटलैंड 2013” नामक इस शोध के अनुसार सांस्कृतिक कामों से सभी को एक समान लाभ मिलता है।
इसमें उम्र, शिक्षा, आर्थिक स्थिति जैसी सामाजिक विभाजनों से कोई फर्क नहीं पड़ता।
क्लिक करें स्कॉटलैंड सरकार की आर्थिक सहायता से हुए इस शोध के लिए 2011 के स्कॉटिश हाउसहोल्ड सर्वे को आधार बनाया गया है।
राष्ट्रमंडल खेल
यह शोध रिपोर्टे उसी दिन सार्वजनिक हुई है जिस दिन स्कॉटलैंड में राष्ट्रमंडल खेलों के टिकटों की बिक्री शुरू हुई है।
इस प्रतियोगिता का आयोजन ग्लासगो में अगले साल की गर्मी में होने वाला है।
इस सर्वेक्षण के लिए साल 2010-11 में कुल 14,358 परिवारों का साक्षात्कार किया गया था।
इनमें से करीब 75 प्रतिशत (9,683 वयस्क) से संस्कृति संबंधी प्रश्न पूछे गए।
स्कॉटिश हाउसहोल्ड सर्वे हर साल होने वाला सर्वेक्षण है। यह सर्वेक्षण स्कॉटलैंड की आम जनसंख्या के आधार पर किया जाता है।
इसका उद्देश्य राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर पर सामुदायिक संरचना, प्रवृत्ति और व्यवहार के प्रतिनिधिक आंकड़े उपलब्ध कराना होता है।
सर्वेक्षण की ख़ास बातें
पिछले एक साल में जिन लोगों ने किसी सांस्कृतिक स्थल या कार्यक्रम मे शिरकत की थी उनका स्वास्थ्य ऐसा न करने वालों से 60 प्रतिशत ज्यादा बेहतर रहा।
जिन लोगों ने पिछले एक साल में किसी सृजनात्मक या सांस्कृतिक गतिविधि में भागीदारी की थी उनका स्वास्थ्य ऐसा न करने वालों से 38 प्रतिशत ज़्यादा बेहतर रहा।
जो लोग पिछले एक साल में पुस्तकालय या संग्रहालय में गए थे उनका स्वास्थ्य ऐसा न करने वालों से 20 प्रतिशत ज्यादा बेहतर रहा।
जो लोग नाटक देखने गए थे उनका स्वास्थ्य ऐसा न करने वालों से 25 प्रतिशत ज्यादा बेहतर रहा।
जिन लोगों ने नृत्य किया उनका स्वास्थ्य ऐसा न करने वालों से 62 प्रतिशत ज़्यादा बेहतर रहा।
जो लोग शौकिया तौर पर किताबें पढ़ते थे उनका स्वास्थ्य ऐसा न करने वालों से 33 प्रतिशत ज्यादा बेहतर रहा।