लगभग 6,000 वीजा स्टीकरों से भरे तीन भारतीय राजनयिक बैगों के लंदन एयरपोर्ट से भारतीय दूतावास ले जाते समय बीच रास्ते से चोरी होने का समाचार है। इसे सुरक्षा में गंभीर खामी माना जा रहा है। भारतीय उच्चायोग ने बीते तीन सितंबर को इस बात की सूचना दी।
इसमें कहा गया है कि हिथ्रो हवाई अड्डे से मध्य लंदन स्थित इंडिया हाउस (भारतीय उच्चायोग) ले जाते समय ‘बी’ श्रेणी के चार राजनयिक बैग बीच रास्ते में चोरी हो गए। इसमें से तीन बैगों में वीजा स्टीकर भरे थे। भारतीय उच्चायोग के प्रवक्ता ने बताया कि चौथे बैग में स्टेशनरी का सामान था।
प्रवक्ता ने बताया कि उस दिन कुल 27 बैग रिसीव किए गए थे, जिसमें से 25 बैगों में 50,000 वीजा स्टीकर थे। हर बैग में 2,000 वीजा स्टीकर भरे थे। इसे एक क्लियरिंग एजेंट की मदद से भारतीय उच्चायोग पहुंचाया जा रहा था। प्रवक्ता ने बताया कि यह एजेंट कई सालों से दूतावास के बी और सी श्रेणी के राजनयिक बैगों को हवाई अड्डे से उच्चायोग पहुंचाने का काम करता था।
अधिकारी ने बताया कि मामला प्रकाश में आने के तुरंत नई दिल्ली स्थित भरतीय अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई तथा इसके दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए। प्रवक्ता ने बताया कि लंदन मेट्रोपोलिटन पुलिस के पास इस बाबत मामला भी दर्ज कराया गया है। पुलिस इसकी छानबीन में लग गई है। हाईकमीशन इस मामले को राजनयिक संरक्षण समूह के पास भी ले गया है।