थाईलैंड के अशांत पट्टनी जिले में बृहस्पतिवार को अलग-अलग 10 बम धमाकों में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 पुलिसकर्मी समेत 14 लोग जख्मी हो गए। हमले के बाद अधिकारियों ने पट्टनी के तामबोन यारिंग म्यूनिसिपैलिटी को सील कर दिया और स्थानीय निवासियों व बच्चों को घर के अंदर रहने का आदेश जारी कर दिया।
साथ ही इलाके से बाकी बमों को हटाया जा रहा है। कई बम धमाकों में घायल हुए लोगों में बम दस्ते के छह सदस्य भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि पट्टनी के यारिंग में 10 बम धमाके हुए। इनमें से दो बम धमाके बैंक के कैश मशीनों में हुए।
इसमें 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि छह विस्फोट करीब आधी रात को म्यूनिसिपैलिटी इलाके में हुए। एक पाइप बम धमाका एक डाकखाना के समीप हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई और एक व्यक्ति घायल हो गया।
अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि अधिकारी विद्रोही संगठनों को हमले के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।