बहरीन और कतर के पास फारस की खाड़ी से सटे पूर्वी सऊदी अरब के दम्मम में स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए एक हमले में सऊदी अरब के एक निवासी की मौत हो गई। यह जानकारी सऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने दी।
प्राधिकरण ने क्या बताया?
प्राधिकरण ने यह भी बताया कि बुधवार देर रात हुए इस हमले में आठ लोग घायल हुए हैं। वहीं, हवाई अड्डे को कुछ नुकसान भी पहुंचा है। फ्लाइट-ट्रैकिंग सेवा 'फ्लाइटराडार24' ने एक्स (ट्विटर) पर जानकारी दी कि हवाई अड्डे की ओर आ रही उड़ानों का मार्ग बदल दिया गया है।
हूती विद्रोहियों ने कोई टिप्पणी की?
अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि यह हमला किसने किया। न ही इस बारे में कोई अन्य जानकारी दी। सऊदी अरब के प्रमुख हवाई अड्डों को निशाना बनाकर किए जा रहे हूती विद्रोहियों के मिसाइल और अन्य हमलों के बीच, किंग फहद हवाई अड्डे पर पहले भी हमले हो चुके हैं ।ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इस हमले पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है। सऊदी गठबंधन ने बताया कि उसने पूर्वी क्षेत्र में चार ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया है।
अमेरिका ने अपने राजनयिकों को क्या आदेश दिया?
बुधवार देर रात, अमेरिका ने अपने कुछ राजनयिकों और सरकारी कर्मचारियों के परिवारों को सऊदी अरब छोड़ने का आदेश दिया। यह कदम यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा देश में किए गए कई घातक हमलों और तनाव बढ़ने की आशंकाओं के मद्देनजर उठाया गया है।
यह ताजा हमला तब हुआ है, जब सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि देश के दक्षिण-पूर्व में अरामको द्वारा संचालित एक तेल क्षेत्र में, एक ड्रोन को मार गिराए जाने के बाद उसके मलबे की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। मंत्रालय के अनुसार, मारे गए दोनों लोग नेपाल और फिलीपींस के नागरिक थे, जबकि घायलों में पाकिस्तान और भारत के नागरिक शामिल हैं।
पिछले महीने, हूती विद्रोहियों के एक ड्रोन को मार गिराए जाने के बाद उसके मलबे की चपेट में आने से सऊदी अरब में रहने वाले यमन के एक निवासी की मौत हो गई थी। जब से हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के जहाजों और तेल सुविधाओं को निशाना बनाते हुए अपने हमले तेज किए हैं, तब से यह नागरिकों की मौत का पहला मामला था।
ऊर्जा मंत्रालय ने क्या बताया?
ऊर्जा मंत्रालय ने इस महीने की शुरुआत में बताया था कि सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत में स्थित दुनिया की सबसे बड़ी तेल सुविधाओं में से एक, 'अरामको' की एक प्रशासनिक इमारत में आग लग गई थी। यह घटना भी एक हमले के दौरान हुई थी।