Epstein Files: अमेरिका के न्याय विभाग ने चर्चित एपस्टीन फाइल्स की एक और खेप को जारी कर दिया है। जिसमें 30 लाख दस्तावेज, 1.80 लाख फोटो और 2 हजार वीडियो शामिल है। न्याय विभाग की वेबसाइट पर जारी की गई फाइलों में वो लाखों पन्नों के रिकॉर्ड भी शामिल हैं, जिन्हें दिसंबर में प्रारंभिक रिलीज से रोका रखा था।
अमेरिकी न्याय विभाग ने शुक्रवार (30 जनवरी) को एपस्टीन फाइल्स से जुड़े और डॉक्यूमेंट्स जारी कर दिए हैं। जिसमें 30 लाख से अधिक पन्ने, 2000 से ज्यादा वीडियो और करीब 180,000 तस्वीरें शामिल हैं। इस बीच अमेरिका के न्याय विभाग (DOJ) ने एक ऐसी फाइल को अस्थायी रूप से अपनी वेबसाइट से हटा दिया, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप और यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े आरोपों का जिक्र था। हालांकि बाद में इस फाइल को दोबारा प्रकाशित कर दिया गया।
विज्ञापन
ट्रंप और एपस्टीन से जुड़े आरोपों का जिक्र
इस फाइल में एफबीआई के नेशनल थ्रेट ऑपरेशन सेंटर (NTOC) को मिली शिकायतों का एक स्प्रेडशीट सारांश शामिल था। इन शिकायतों में ट्रंप और एपस्टीन से जुड़े कथित आरोपों का जिक्र है, हालांकि इन शिकायतों के सत्यापन का कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया है। न्याय विभाग ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि फाइल को क्यों हटाया गया और फिर दोबारा क्यों जारी किया गया। विभाग की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
कई दिग्गज लोगों का नाम शामिल
दस्तावेज के मुताबिक कुछ शिकायतें करीब 35 साल पुरानी हैं। फाइल के साथ जुड़े एक ईमेल में लिखा है कि यह वह सूची है, जिसे व्हिटनी को ट्रंप पर आरोप लगाने वालों के नामों के साथ भेजा था। इस दस्तावेज में कुल 16 शिकायतों का जिक्र है, जिनमें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और दिवंगत सिंगर लिसा मैरी प्रेस्ली जैसे अन्य चर्चित नाम भी शामिल बताए गए हैं।
पहचान या संपर्क विवरण साझा नहीं
शिकायतों के सारांश से यह भी सामने आया है कि कम से कम आठ शिकायतकर्ताओं ने अपनी पहचान या संपर्क विवरण साझा नहीं किया था। वहीं एक नोट में कहा गया है कि, 'कुछ लोग दूसरों से सुनी गई बातों के आधार पर जानकारी दे रहे हैं।' एक शिकायत के जवाब में लिखा गया है कि कॉल करने वाले से बातचीत की गई और मामला वॉशिंगटन कार्यालय को इंटरव्यू के लिए भेजा गया, लेकिन उस इंटरव्यू से क्या निष्कर्ष निकला, यह स्पष्ट नहीं है।