फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों संयुक्त राष्ट्र की सांस्कृतिक मामलों की एजेंसी से आए अधिकारियों से मुलाकात करने वाले हैं और उम्मीद है कि इस दौरान वे नोट्रे डेम कैथेड्रल गिरजाघर के पुननिर्माण को लेकर अपने विचार पेश करेंगे।
मैक्रों यूनेस्को से आए वैश्विक धरोहर से संबंधित मुद्दों को देखने वाले प्रतिनिधिमंडल से एलिसी पैलेस में शुक्रवार को मुलाकात करेंगे।
मैक्रों का इस बात पर जोर है कि नोट्रे डेम के पुननिर्माण का कार्य तेजी से हो। वह चाहते हैं कि अग्निकांड से बुरी तरह तबाह हुई इस ऐतिहासिक धरोहर के पुननिर्माण का कार्य उनके कार्यकाल में ही पूरा हो, जिससे कि वह फ्रांस में हुए ‘येलो वेस्ट’ विरोध प्रदर्शन के कारण धूमिल हुई अपनी छवि को सुधार सकें।
आग लगने के बाद मैक्रों तुरंत घटनास्थल पहुंचे थे और उन्होंने घोषणा की, "हमलोग नोट्रे डेम का पुननिर्माण करेंगे।"
क्या है ‘येलो वेस्ट’ प्रदर्शन
सोशल मीडिया पर ‘येलो वेस्ट’ नामक आंदोलन तेल पर बढ़ते करों के खिलाफ विरोध के तौर पर शुरू हुआ है। प्रदर्शनकारियों द्वारा पीली जैकेट पहनने के कारण इस आंदोलन का नाम यलो वेस्ट पड़ा। इस दौरान कई लोग मैक्रों के इस्तीफे के साथ पेंशन और शिक्षा पर सरकारी खर्च में वृद्धि, करों में कमी, बुनियादी ढांचे में सुधार, अप्रवासन में कटौती और सार्वजनिक सेवाओं के निजीकरण को समाप्त करने की मांग कर रहे हैं।