Elon Musk : एलन मस्क ने यह स्पष्ट कर दिया है कि काउंसिल की बैठक से पहले कंटेंट से संबंधित या फिर बैन खातों की बहाली पर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। इस काउंसिल की समीक्षा के बाद ही बंद हो चुके खातों को दोबारा बहाल करने पर फैसला लिया जाएगा।
ट्विटर अब एलन मस्क का हो चुका है। इस सोशल मीडिया कंपनी पर अधिग्रहण करते ही मस्क ने कई बड़े फैसले लिए हैं। शुक्रवार को एलन मस्क ने कंपनी के शीर्ष नेतृत्व को बाहर का रास्ता दिखा दिया था तो शाम होते ही उन्होंने ट्विटर क लिए कंटेंट मॉडरेशन काउंसिल के गठन की घोषणा कर दी। आइए जानते हैं कैसे काम करेगी ये काउंसिल और क्या हैं इसके मायने...
विज्ञापन
कंटेंट मॉडरेशन से जुड़े फैसले लेगी काउंसिल
जल्द ही ट्विटर की कंटेंट मॉडरेशन पॉलिसी में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। दरअसल, अधिग्रहण के बाद एलन मस्क ने ट्वीट कर बताया कि ट्विटर व्यापक रूप से विविध दृष्टिकोणों के साथ एक कंटेंट मॉडरेशन काउंसिल का गठन करेगा। यह काउंसिल ट्विटर के कंटेंट मॉडरेशन संबंधी फैसले लेगी। हालांकि, एलन मस्क ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि काउंसिल की बैठक से पहले हम ट्विटर की मौजूदा कंटेंट मॉडरेशन पॉलिसी में कोई बदलाव नहीं करना चाहते हैं।
बैन हो चुके खातों की होगी बहाली?
एलन मस्क ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि काउंसिल की बैठक से पहले कंटेंट से संबंधित या फिर बैन खातों की बहाली पर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। इस काउंसिल की समीक्षा के बाद ही बंद हो चुके खातों को दोबारा बहाल करने पर फैसला लिया जाएगा। यानी, ट्विटर पर प्रतिबंधित हो चुके खातों का भविष्य नई कंटेंट मॉडरेशन पॉलिसी पर ही निर्भर होगा।
विज्ञापन
ट्विटर के पास 238 मिलियन दैनिक यूजर्स
ट्विटर का कहना है कि उसके 238 मिलियन दैनिक उपयोगकर्ता हैं। कई कंपनियां, राजनेताओं, पत्रकारों और अन्य सार्वजनिक हस्तियों के लिए ट्विटर एक पसंदीदा मंच है। मस्क ने विज्ञापनदाताओं को एक पत्र में कहा कि वह चाहते हैं कि ट्विटर एक ऐसा मंच हो जहां प्रतिद्वंद्वी दृष्टिकोणों पर स्वस्थ तरीके से बहस की जा सके।
जनरल मोटर्स ने विज्ञापनों पर लगाई रोक
अमेरिकी मीडिया ने खबर दी है कि एलन मस्क के ट्विटर का अधिग्रहण करने के बाद टेस्ला की प्रतियोगी जनरल मोटर्स ने ट्विटर पर अपने विज्ञापनों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।