टेक जगत के दो बड़े दिग्गज एलन मस्क और मार्क जुकरबर्ग के बीच एक बार फिर शब्दों की लड़ाई छिड़ गई है। जहां, एक्स के मालिक ने जुकरबर्ग पर चुनौती स्वीकार नहीं करने का आरोप लगाया। वहीं, मेटा के मालिक ने मस्क को लड़ाई के लिए जगह बताने को कहा हैं। इस पर एलन मस्क ने कहा कि वह कहीं लड़ने को तैयार नहीं हैं।
दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी
गौरतलब है, हाल ही में दोनों के बीच होने वाली फाइट की खबर से सोशल मीडिया पर खलबली मच गई थी। यह उम्मीद की जा रही है कि एलन मस्क और मार्क जुकरबर्ग के बीच रिंग में फाइट देखना काफी रोमांचक होगा। हालांकि, लड़ाई को लेकर इन दोनों के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।
शब्दों की ताजा लड़ाई
इसी क्रम में, जुकरबर्ग ने सोशल मीडिया पर मस्क का एक ट्वीट साझा किया है, जिसमें उन्हें चुनौती दी गई थी। साथ ही आरोप लगाया गया था कि मेटा मालिक लड़ाई के लिए तैयार नहीं हैं। इस पर उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि कहां लड़ना है, जगह बताएं।
मस्क का आरोप
हाल ही में, एक्स के मालिक एलन मस्क ने लड़ाई के घटनाक्रम पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मैंने अपने सोशल मीडिया पर जुकरबर्ग से लड़ाई करने के बारे में मजाक किया था। इस पर मेटा मालिक ने मुझे जगह बताने को कहा। एलन मस्क ने कहा कि लड़ाई के लिए इटली ने कोलोसियम की पेशकश की, जो मार्क ने मना कर दी। उसके बाद मैंने उनके घर का भी सुझाव दिया। उन्होंने आगे कहा कि दुख की बात है कि वह कोई अहम यात्रा कर रहे थे। एक्स के मालिक ने कहा कि क्या ऐसी कोई जगह है, जहां वह लड़ेंगे?
केज फाइट के लिए सीरियस नहीं मस्क
इससे पहले, मेटा प्लेटफॉर्म इंक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने एक पोस्ट में यह संभावना जताई थी कि वह लड़ाई से पीछे हट गए हैं। मार्क जकरबर्ग ने कहा है कि यदि एलन मस्क केज फाइटिंग लेकर वास्तव में सीरियस हैं और इवेंट की वास्तविक तारीख के बारे में उन्हें जानकारी है तो वे मुझ तक पहुंचने के तरीके भी जानते हैं। जकरबर्ग ने आगे कहा कि मैं उन लोगों के साथ प्रतिस्पर्धा करने पर ध्यान केंद्रित करने जा रहा हूं जो खेल को गंभीरता से लेते हैं।
Threads के लॉन्च के बाद से मस्क-जुकरबर्ग में टक्कर
पिछले महीने मेटा के थ्रेड्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लॉन्चिंग के बाद 52 वर्षीय मस्क और 39 वर्षीय जकरबर्ग के बीच सार्वजनिक प्रतिद्वंद्विता तेज हो गई। थ्रेड्स को लेकर कहा जा रहा है कि यह एक्स (पूर्व में ट्विटर) की कॉपी है। एलन मस्क को कंधे और पीठ में दर्द की शिकायत है। एलन मस्क ने खुद कहा है कि उन्हें एमआरआई की जरूरत पड़ सकती है।