एलन मस्क और मोहम्मद यूनुस (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला / एजेंसी
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने अरबपति अमेरिकी कारोबारी एलन मस्क को बांग्लादेश आने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने देश में स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने के लिए अमेरिका के शीर्ष व्यवसायी और स्पेसएक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मस्क को पत्र लिखा। 19 फरवरी को लिखे पत्र में यूनुस ने मस्क से कहा, उनकी बांग्लादेश यात्रा से उन्हें युवा बांग्लादेशी पुरुषों और महिलाओं से मिलने का मौका मिलेगा, जो इस अग्रणी तकनीक के मुख्य लाभार्थियों में से होंगे।
स्टारलिंक की कनेक्टिविटी से परिवर्तनकारी असर
उन्होंने बेहतर भविष्य के लिए अपने आपसी दृष्टिकोण को साकार करने के लिए मस्क से मिलकर काम करने का आह्वान किया। सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने रविवार को बताया, बांग्लादेश के बुनियादी ढांचे में स्टारलिंक की कनेक्टिविटी से परिवर्तनकारी प्रभाव पड़ेगा। इससे बांग्लादेश के उद्यमी युवाओं, ग्रामीण और कमजोर महिलाओं और दूरदराज और वंचित समुदायों को विशेष लाभ मिलेगा।
90 दिनों के भीतर स्टारलिंक लॉन्च करने की योजना...
देश के युवाओं को बेहतर भविष्य देने का वादा करने वाले यूनुस अपनी सरकार के शीर्ष प्रतिनिधि को भी इस संबंध में निर्देश दे चुके हैं। उन्होंने खलीलुर रहमान से अगले 90 दिनों के भीतर बांग्लादेश में स्टारलिंक लॉन्च करने के लिए जरूरी योजनाएं बनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि स्पेसएक्स की टीम के साथ मिलकर जरूरी काम पूरा किया जाए, जिससे बांग्लादेश में स्टारलिंक को लॉन्च किया जा सके।
फोन पर हो चुकी है व्यापक बातचीत
बता दें कि पत्र लिखने से पहले यूनुस ने विगत 13 फरवरी को मस्क के साथ फोन पर बात की थी। दोनों के बीच सहयोग की संभावनाओं को तलाशने और 'बांग्लादेश में स्टारलिंक का भविष्य' मुद्दे को लेकर व्यापक बातचीत हुई थी।
हसीना को बांग्लादेश छोड़कर भागने पर मजबूर होना पड़ा
गौरतलब है कि पिछले साल बांग्लादेश की सरकारी नौकरियों में विवादास्पद आरक्षण प्रणाली को खत्म करने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन शुरू हुआ था। इसमें बड़ी संख्या में छात्र संगठन शामिल थे। बाद में विरोध-प्रदर्शन के दौरान जमकर हिंसा और उपद्रव हुआ। शेख हसीना को हटाने की मांग के बीच प्रदर्शनकारियों ने उनके आवास पर हमला कर दिया था, जिसके बाद हसीना को भागने पर मजबूर होना पड़ा। अगस्त, 2024 में शेख हसीना के देश छोड़कर भागने के बाद नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतिम सरकार का गठन किया गया। फिलहाल बांग्लादेश की यह अंतरिम सरकार शेख हसीना को भारत से प्रत्यर्पित कराने के प्रयास में लगी है। भारत ने अभी अपना फैसला नहीं लिया है।
संबंधित वीडियो-