पश्चिमी अफ्रीका के देश नाइजर में रविवार को फ्रांस के छह लोगों और उनके दो स्थानीय गाइड की हत्या कर दी गई। ये सभी नाइजर में काउरे जिराफ पार्क घूमने गए थे। नाइजर के गृह मंत्री ने इसकी जानकारी दी। फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय ने भी इसकी पुष्टि की है।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इस मामले को लेकर नाइजर के राष्ट्रपति महमूद इसूजू से बात की। मैक्रों ने इस हमले को कायराना हरकत करार दिया है। उन्होंने कहा है वे नाइजर के सालेह क्षेत्र में आतंक के खात्मे में हरसंभव मदद करेंगे।
हमले में मारे गए फ्रांस के नागरिक नाइजर में स्थानीय लोगों की मदद से जुड़े कामों को कर रहे थे। यूरोप के कई देशों ने अपने लोगों से नाइजर की यात्रा नहीं करने की चेतावनी दी है। फ्रांस ने नाइजर में रहने वाले लोगों से कहा है कि वे राजधानी नियामी के बाहर न जाएं। हमले में काउरे जिराफ रिजर्व गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष की भी मौत हुई है।
नाइजर के प्रमुख पर्यटन स्थल पर हुआ हमला
हमला जिस काउरे जिराफ पार्क में हुआ वह नाइजर का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। यहां करीब 72 किमी. के दायरे में घने जंगल हैं। इस क्षेत्र में बोको हरम, आईएस (इस्लामिक स्टेट) और अल कायदा जैसे आतंकी संगठन सक्रिय हैं। ये आतंकी संगठन नाइजर की सीमा से सटे माली, बुर्किना फासो, नाइजीरिया और लीबिया जैसे देशों में आतंकी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
फ्रांस सरकार ने नागरिकों से नाइजर नहीं जाने की दी सलाह
इस बीच फ्रांस की सरकार ने नागरिकों से नाइजर की यात्रा नहीं करने की सलाह दी है। वहीं फ्रांसीसी नागरिकों पर हुए हमले को लेकर राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रविवार को अपने नाइजर समकक्ष महामदौ इस्सौफौ से फोन पर बात की। फ्रांस के एनजीओ (एसीटीएडी) ने इस बात की पुष्टि की है कि उसके स्टाफ पर नाइजर में हमला किया गया।