शॉपिंग मॉल में हुई गोलीबारी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ट्वीट किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि टेक्सास के एलपासो में भयानक गोलीबारी। रिपोर्ट्स काफी बुरी हैं, काफी लोग मारे गए हैं। राज्य और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा हूं। राज्यपाल से बात कर संघीय सरकार की ओर से पूरी मदद का आश्वासन दिया है। भगवान आपके साथ है।
प्रत्यक्षदर्शी वेनेसा ने कहा कि मैं जब मॉल की पार्किंग में थी, तभी अचानक से गोलीबारी की आवाज आने लगी। ऐसा लगा मानो आतिशबाजी हो रही हो। मैं जैसे ही पीछे मुड़ी तो मैंने एक महिला को देखा जो मेरी तरफ आ रही थी। उसके हाथ में शापिंग का सामान था। अचानक उसे गोली लगी और वो गिर पड़ी। वेनेसा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैंने एक हमलावर को देखा, वह सुरक्षाकर्मियों जैसी पोशाक पहने हुए था और निर्ममता से तड़ातड़ गोलियां बरसा रहा था।