यूरोपीय देश क्रोशिया में रविवार सुबह शक्तिशाली भूकंप से कांप उठा। इसमें कई इमारतें और गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इसकी वजह से कई इमारतों में आग लगने की सूचना भी है। भूकंप के झटके महसूस किए जाने के बाद बड़ी संख्या में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर आ गए। अब तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि, एक बच्चा घायल हुआ है।
जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेस ने बताया कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.3 मापी गई। इसका केंद्र जमीन से दस किलोमीटर नीचे था। शुरुआती खबर में इसकी तीव्रता 6.0 बताई गई थी। मीडिया ने डॉक्टरों के हवाले से बताया कि एक बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, छत से गिरने की वजह से बच्चे के सिर में चोट पहुंची है।
राजधानी जगरेब के कई इलाकों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि करीब दस सेकंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। एक व्यक्ति ने बताया कि उसने इससे पहले कभी इतने तेज झटके महसूस नहीं किए। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए क्रोएशिया के गृह मंत्री डावोर बोज्निवोविक ने लोगों से सावधानी बरतने और दूरी बनाकर रखने की अपील की है।