अल्बानिया में मंगलवार तड़के भीषण भूकंप आया जिसमें कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और 600 से अधिक लोग घायल हो गए। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार 6.4 तीव्रता के साथ आए भूकंप का केंद्र राजधानी तिराना से 30 किलोमीटर उत्तर पश्चिम में था। यहां 5.1 और 5.4 की तीव्रता वाले कई झटके महसूस किए गए।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि लगभग 600 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि तिराना से 33 किलोमीटर दूर दुर्रेस में ढही इमारत से सात शव बाहर निकाले गए। थुमाने शहर में भी एक इमारत ढहने के बाद मलबे से पांच लोगों के शव निकाले गए।