पाकिस्तान में पंजाब प्रांत की सरकार ने लाहौर के पुराने शहर की ऐतिहासिक वजीर खान मस्जिद में डांस वीडियो शूटिंग की अनुमति देने के चलते दो वरिष्ठ अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है। यहां हिंदी फिल्म में काम कर चुकी पाक अभिनेत्री सबा कमर और गायक बिलाल सईद के खिलाफ भी मस्जिद की पवित्रता भंग करने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने का आवेदन दिया गया है।
बता दें कि सबा कमर वही कलाकार हैं जिन्होंने बॉलीवुड की एक फिल्म में काम करके ख्याति अर्जित की थी। उन्होंने सोशल मीडिया की हस्ती कंदील बलोच पर भी एक बायोपिक में काम किया है। पंजाब में धार्मिक मामलों केे मंत्री सईद हसन शाह ने रविवार को जानकारी दी कि इस पूरे मामले में जांच शुरू कर दी गई है और जिम्मेदार लोगों को सख्त सजा भी दी जाएगी।
शाह ने कहा कि मस्जिद की पवित्रता भंग करने की इजाजत किसी को भी नहीं है। बता दें कि मस्जिद में सबा कमर के डांस का वीडियो सामने आते ही लाहौर में कट्टरपंथियों ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किए और कार्रवाई की मांग की। जबकि वीडियो बनाने वाली कंपनी ने 30 हजार रुपये देकर शूटिंग की अधिकृत इजाजत लेने की बात कही। इसी जांच के बाद अधिकारियों को हटाया गया है।
अभिनेत्री को धमकी, माफी मांगी
बॉलीवुड फिल्म में काम कर चुकी सबा कमर के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों के बीच कट्टरपंथियों ने पिछले दिनों उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद सबा ने अपने कृत्य के लिए माफी मांग ली। उन्होंने अपने ट्वीट में ‘लव एंड पीस’ लिखते हुए कहा, यदि हमने अनजाने में किसी की भावनाओं को आहत किया है तो उसके लिए हम तहे-दिल से माफी मांगते हैं।