सार
गाजा को राहत सामग्री ले जा रही Gaza Freedom Flotilla की नाव पर माल्टा तट के पास ड्रोन से हमला हुआ। दो धमाके हुए और आग लग गई। नाव में 16 लोग सवार थे, सभी सुरक्षित हैं। नाव को नुकसान हुआ है और डूबने का खतरा बना है। हमला किसने किया, अभी साफ नहीं।
गाजा के लिए खाने-पीने का सामान और जरूरी राहत सामग्री लेकर जा रही एक नाव पर शुक्रवार को माल्टा के पास ड्रोन से हमला हुआ। यह नाव गाजा स्वतंत्रता फ्लोटिला की थी, जो गाजा में फंसे लोगों तक खाने-पीने का सामान और जरूरी मदद पहुंचाने की कोशिश कर रही थी। नाव में 12 क्रू मेंबर और 4 आम नागरिक सवार थे। हमले में कोई घायल नहीं हुआ है, लेकिन नाव को काफी नुकसान पहुंचा है। यह जानकारी गाजा की शांति और सामाजिक न्याय की वकालत करने वाले संगठन कोडपिंक ने दी है।
दो धमाको के बाद नाव में लगी आग
मामले में कोडपिंक के कार्यकर्ता चार्ली एंड्रियासन ने बताया कि उन्होंने नाव पर मौजूद लोगों से बात की। लोगों ने उन्हें बताया कि दो धमाके हुए और फिर नाव में आग लग गई। नाव का जनरेटर भी खराब हो गया, जिससे वह चलने में असमर्थ हो गई। नाव के डूबने का भी खतरा बना हुआ है। हालांकि अब तक इस हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है। वहीं इस्राइली सेना से जब इस हमले को लेकर प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की।
ये भी पढ़ें:- Israel-Hamas War: इस्राइल ने गाजा पर किया जोरदार हमला, 12 लोगों की मौत; तीन बच्चे भी शामिल
गाजा में इस्राइल ने रोकी है मानवीय सहायता
बीते दो महीनों से इस्राइल ने गाजा में किसी भी तरह की मानवीय मदद जाने पर रोक लगा रखी है। इससे वहां हालात बेहद खराब हो गए हैं। गाजा लगभग 19 महीने से युद्ध की चपेट में है और यह अब तक का सबसे गंभीर मानवीय संकट बन गया है।
ये भी पढ़ें:- Pope: नए पोप के चुनाव की तैयारी तेज, सिस्टीन चैपल में लगी चिमनी, धुएं से मिलेगा नियुक्ति का संकेत; समझिए कैसे?
गाजा पर नहीं थम रहा इस्राइल का हमला
बता दें कि पिछले महीने हमास के साथ युद्धविराम खत्म होने के बाद से इस्राइल गाजा पर रोज हमले कर रहा है। मार्च की शुरुआत से ही गाजा में 20 लाख लोगों को भोजन और दवा जैसी जरूरी चीजों की आपूर्ति रोक दी गई है, ताकि हमास पर बंधकों की रिहाई को लेकर दबाव बनाया जा सके। इस सप्ताह गाजा सिटी और बेइत लाहिया में भी दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं बात अबतक की करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक गाजा में 52,000 से ज्यादा फलस्तीनी मारे जा चुके हैं।