सऊदी अरब के सरकारी मीडिया ने गृह मंत्रालय के हवाले से बताया है कि शनिवार को सऊदी अरामको के दो तेल संयंत्रों पर ड्रोन से हमला किया गया है। आधिकारिक सऊदी प्रेस एजेंसी ने बताया कि सुबह चार बजे अरामको के औद्योगिक सुरक्षा दलों ने अब्कैक और खुरैस में अपने संयंत्रों में ड्रोन हमले के कारण लगी आग से निपटना शुरू कर दिया है। एजेंसी ने जानकारी दी है कि संयंत्रों में आग पर काबू पा लिया गया है।
यमन में ईरान के समर्थक हुती विद्रोहियों ने इन दो तेल संयंत्रों पर ड्रोन हमलों की जिम्मेदारी ली है। समूह के अल-मसीरा टीवी ने यह जानकारी दी है। अल-मसीरा ने कहा कि विद्रोहियों ने 10 ड्रोन विमानों के साथ बड़ा अभियान छेड़ा और इस दौरान पूर्वी सऊदी अरब में अबकैक और खुराइस में रिफाइनरियों को निशाना बनाया गया।
बता दें कि सऊदी अरामको सऊदी अरब की राष्ट्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस कंपनी है। यह राजस्व के मामले में दुनिया में कच्चे तेल की सबसे बड़ी कंपनी है।