फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'पुतिन से अच्छे रिश्ते रखना जरूरी': ट्रंप बोले- रूस के साथ डील कर रोकना चाहते हैं युद्ध में हो रही मौतें

Fri, 27 Nov 2026 06:43 AM IST
अमन मौर्या एएनआई, फ्लोरिडा, अमेरिका

सार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए समझौता करना चाहते हैं। ट्रंप ने कहा कि पुतिन से सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखना जरूरी है, ताकि बातचीत आगे बढ़ सके। उन्होंने यूरोप में रूसी सैन्य आक्रामकता रोकने की अपील भी की।
विज्ञापन
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरूवार को कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए समझौता करना चाहते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी प्राथमिकता युद्ध में हो रही लोगों की मौतों को रोकना है। साथ ही, उन्होंने रूसी नेता के साथ संबंध बनाए रखने के अपने दृष्टिकोण के बारे में भी बताया।
विज्ञापन


फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो आवास से प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप के साथ अमेरिकी सैन्य कर्मियों से थैंक्सगिविंग के मौके पर बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा कि वह मॉस्को के साथ समझौते पर पहुंचना चाहते हैं। उन्होंने तर्क दिया कि बातचीत की प्रक्रिया के लिए पुतिन के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखना महत्वपूर्ण है। पुतिन को पहले दोस्त बताने और बाद में रूसी सैन्य आक्रामकता पर की गई अपनी टिप्पणियों से जुड़े एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा, 'देखिए, कई तरह की बातें कही जा सकती हैं, लेकिन आपको एक बात समझनी होगी। हम समझौता करना चाहते हैं। हम लोगों की हत्याएं रोकना चाहते हैं।'

उन्होंने आगे कहा, 'मैं कह सकता हूं कि वह मेरे दोस्त नहीं हैं या कुछ और, लेकिन मैं समझौता करना चाहता हूं। मुझे समझौता कराना है। हर महीने उनके 25,000 लोग मारे जा रहे हैं।' डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि पुतिन के प्रति दुश्मनी जाहिर करने से विवाद सुलझाने की कोशिशें जटिल हो सकती हैं। उन्होंने इसकी तुलना रूसी राष्ट्रपति और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के बीच तनावपूर्ण संबंधों से की। ट्रंप का कहना है कि 'मैं वहां जाकर कह सकता हूं कि मैं आपको पसंद नहीं करता। इसके बाद हमारे सामने वही समस्या होगी, जो जेलेंस्की और पुतिन के बीच है। आप जानते हैं कि समझौते की राह में सबसे बड़ी समस्या यह है कि दोनों नेता एक-दूसरे से वास्तव में नफरत करते हैं।'
विज्ञापन


अमेरिकी राजनीति में रूसी हस्तक्षेप को ट्रंप ने 'फर्जी' जांच
ट्रंप ने अमेरिकी राजनीति में रूसी हस्तक्षेप को 'फर्जी' जांच बताया। उन्होंने पुतिन के साथ हालिया बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा कि रूसी राष्ट्रपति समझौता करना चाहते हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें उम्मीद है कि पुतिन फ्लोरिडा के डोरल स्थित उनके रिसॉर्ट में होने वाले आगामी जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे, ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है, लेकिन वह रूसी राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता, लेकिन अगर वह आना चाहें तो निश्चित रूप से आ सकते हैं। कुछ लोगों को यह पसंद नहीं आएगा।'

जी-8 समूह से रूस को निकालने पर क्या बोले ट्रंप?
रूस की पूर्व में जी-8 समूह की सदस्यता का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा रूस को इस समूह से बाहर करना चाहते थे। उन्होंने दावा किया कि इस फैसले से पुतिन काफी आहत हुए थे।

ट्रंप ने कहा, 'जब वह जी-8 के सदस्य थे, अगर उनकी सदस्यता बनी रहती, तो शायद आज यह युद्ध नहीं हो रहा होता। राष्ट्रपति ओबामा उन्हें समूह से बाहर करना चाहते थे और जब ऐसा हुआ तो वह बहुत अपमानित महसूस कर रहे थे। अब यह जी-7 रह गया है और सच कहूं तो हम सिर्फ रूस के बारे में ही बात करते रहते हैं। मैंने पूछा कि वह यहां क्यों नहीं हैं?'

उन्होंने आगे कहा, 'मेरा दृढ़ विश्वास है कि अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया होता, तो आज यह युद्ध नहीं चल रहा होता। तब प्रथम महिला को भी लोगों को बाहर निकालने और युद्धविराम कराने की कोशिश के लिए वहां नहीं जाना पड़ता। इनमें कुछ लोग बहुत बुजुर्ग हैं।'
विज्ञापन


(खबर अपडेट की जा रही है)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें