नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप ने डीईए का नेतृत्व करने के लिए क्रोनिस्टर के नाम का एलान किया था। उन्होंने कहा था कि वह मेक्सिको के साथ अमेरिकी सीमा पर ड्रग की तस्करी को रोकने पर ध्यान केंद्रित करेंगे। हालांकि, अब देखना होगा कौन इस पद को संभालेगा।
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) का नेतृत्व करने के लिए चुने गए चाड क्रोनिस्टर ने अपना नाम वापस ले लिया है। बता दें, क्रोनिस्टर ट्रंप के दूसरे ऐसे उम्मीदवार हैं, जिन्होंने नामांकन वापस लिया है। इससे पहले फ्लोरिडा के पूर्व प्रतिनिधि मैट गेट्ज ने अटॉर्नी जनरल के लिए अपना नामांकन वापस ले लिया था।
विज्ञापन
नाम वापस लेते हुए क्या बोले क्रोनिस्टर?
क्रोनिस्टर फिलहाल फ्लोरिडा के हिल्सबोरो काउंटी में बतौर शेरिफ कार्यरत हैं। उन्होंने मंगलवार को कहा कि यहां रहने वालों के लिए और काम किया जाना है।
महत्वपूर्ण जिम्मेदारी की गंभीरता को देखते हुए वापस लिया नाम
उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, 'पिछले कई दिनों में, इस बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी की गंभीरता को देखते हुए मैं इस फैसले पर पहुंचा हूं कि मुझे सम्मानपूर्वक इससे पीछे हट जाना चाहिए। मैं सच में नामांकन और अमेरिकी लोगों से मिले भरपूर समर्थन की सराहना करता हूं तथा हिल्सबोरो काउंटी के शेरिफ के रूप में अपनी सेवा जारी रखने की आशा करता हूं।'
ट्रंप के बयान का इंतजार
फिलहाल इस पर डोनाल्ड ट्रंप की ट्रांजिशन टीम का बयान सामने नहीं आया है। बता दें, नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ने रविवार को डीईए का नेतृत्व करने के लिए क्रोनिस्टर के नाम का एलान किया था। उन्होंने कहा था कि वह मेक्सिको के साथ अमेरिकी सीमा पर ड्रग की तस्करी को रोकने पर ध्यान केंद्रित करेंगे। डीईए न्याय विभाग का हिस्सा है और अमेरिकी ड्रग कानूनों को लागू करने के लिए जिम्मेदार है।
विज्ञापन
महामारी के दौरान उल्लंघन किए जाने पर हुई थी आलोचना
हालांकि, क्रोनिस्टर के नामांकन को ट्रंप के समर्थकों द्वारा आलोचनात्मक नजरिए से देखा गया था, जिन्होंने 2020 में कोविड महामारी के कारण लगे लॉकडाउन का उल्लंघन करने के लिए फ्लोरिडा के एक पादरी की शेरिफ की गिरफ्तारी का हवाला दिया था। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, क्रोनिस्टर ने कानून प्रवर्तन में काम करते हुए तीन दशकों से अधिक समय बिताया है। मगर उनके पास डीईए की भूमिका के लिए अनुभव की कमी थी।