Who is Keith Sonderling?:अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कार्यवाहक श्रम मंत्री कीथ सोंडरलिंग को स्थायी श्रम मंत्री बनाने के लिए नामित किया है। सोंडरलिंग पहले उप श्रम मंत्री और ईईओसी सदस्य रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति को सीनेट की मंजूरी मिलनी बाकी है। पूर्व श्रम मंत्री लोरी शावेज-डीरेमर ने अप्रैल में विवादों और जांच के बीच इस्तीफा दे दिया था। आइए, विस्तार से जानते हैं कि नए श्रम मंत्री कौन हैं...
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपनी टीम में बड़ा बदलाव करते हुए कीथ सोंडरलिंग को श्रम मंत्री के पद के लिए नामित करने की घोषणा की है। अब वो अमेरिका में लेबर सचिव होंगे। दरअसल वहां के मंत्रियों को सचिव ही कहा जाता है। फिलहाल कार्यवाहक श्रम मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे सोंडरलिंग को स्थायी रूप से इस पद पर नियुक्त करने के लिए अब सीनेट की मंजूरी की जरूरत होगी। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब पूर्व श्रम मंत्री लोरी शावेज-डीरेमर के इस्तीफे के बाद यह पद खाली पड़ा था।
विज्ञापन
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कीथ सोंडरलिंग के नाम की घोषणा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे करियर में मेहनतकश अमेरिकी नागरिकों के लिए काम किया है। ट्रंप ने विश्वास जताया कि सोंडरलिंग नई जिम्मेदारी में भी शानदार काम करेंगे। सोंडरलिंग अप्रैल से कार्यवाहक श्रम मंत्री के रूप में विभाग का नेतृत्व कर रहे हैं और इससे पहले भी ट्रंप प्रशासन में कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं।
कौन है कीथ सोंडरलिंग?
कीथ सोंडरलिंग पेशे से एक वकील हैं।
ट्रंप के पहले कार्यकाल में भी वह अहम पदों पर काम कर चुके।
अमेरिकी समान रोजगार अवसर आयोग (ईईओसी) के रिपब्लिकन सदस्य रहे।
सोंडरलिंग उप श्रम मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे।
श्रम विभाग के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) के रूप में भी काम किया।
पिछले वर्ष ट्रंप ने उन्हें ईईओसी से श्रम विभाग में लाकर मुख्य परिचालन अधिकारी नियुक्त किया था।
उनके अनुभव को देखते हुए ट्रंप ने उन्हें स्थायी श्रम मंत्री पद के लिए नामित किया है।
पूर्व श्रम मंत्री लोरी शावेज-डीरेमर ने अप्रैल में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके खिलाफ सत्ता के दुरुपयोग और विभागीय आचरण से जुड़े कई आरोप सामने आए थे। रिपोर्टों के मुताबिक, श्रम विभाग के महानिरीक्षक ने आरोपों की जांच शुरू की थी। आरोप था कि वह और उनके करीबी सहयोगी युवा कर्मचारियों से निजी काम कराते थे। उन पर सरकारी दौरों का इस्तेमाल निजी कारणों के लिए करने और कार्यालय में शराब पीने जैसे आरोप भी लगे थे। हालांकि, शावेज-डीरेमर ने सभी आरोपों से इनकार किया है।
क्या सीनेट की मंजूरी मिलना आसान होगा?
अमेरिका में किसी भी कैबिनेट मंत्री की नियुक्ति के लिए सीनेट की मंजूरी जरूरी होती है। कीथ सोंडरलिंग इससे पहले उप श्रम मंत्री के पद के लिए रिपब्लिकन बहुमत वाली सीनेट से 53-46 मतों से मंजूरी हासिल कर चुके हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनके पास प्रशासनिक अनुभव होने के कारण इस बार भी मंजूरी मिलने की संभावना मजबूत है। हालांकि, अंतिम फैसला सीनेट की सुनवाई और मतदान के बाद ही होगा।
ट्रंप प्रशासन के लिए यह नियुक्ति कितनी अहम है?
श्रम मंत्रालय अमेरिका में रोजगार, श्रमिक अधिकार, वेतन, कार्यस्थल सुरक्षा और श्रम नीतियों से जुड़े मामलों का प्रमुख विभाग है। ऐसे में ट्रंप प्रशासन के लिए इस पद पर एक अनुभवी और भरोसेमंद चेहरा नियुक्त करना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सोंडरलिंग की नियुक्ति से ट्रंप प्रशासन श्रम नीतियों और रोजगार सुधारों को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा।