ट्रंप ने कहा- कतर में ईरानी हमले में किसी अमेरिकी की मौत नहीं
लगातार हो रहे मिसाइल हमलों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ने कतर के अमीर का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा, 'मैं कतर के सम्मानित अमीर को क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए उनके द्वारा किए गए सभी कार्यों के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।' कतर में अमेरिकी बेस पर हुए हमले के बारे में ट्रंप ने कहा, 'मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि इस हमले में किसी अमेरिकी की मौत नहीं हुई है और न ही किसी की जान गई है।'
अमेरिका ने काफी अच्छी तरह से नष्ट किए परमाणु ठिकाने
ट्रंप ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ईरान में हमने जिन साइटों पर हमला किया, वे पूरी तरह से नष्ट हो गईं। हर कोई यह जानता है। केवल फेक न्यूज प्रसारित करने वाले ही कुछ लोग कह सकते हैं कि ऐसा नहीं हुआ। ऐसे लोगों की कोशिश है कि जितना संभव हो सके, अमेरिका को नीचा दिखाने की कोशिश की जाए। हालांकि, फर्जी खबर दिखाने वाले भी कहते हैं कि ईरान के परमाणु ठिकानों को अमेरिका ने 'काफी अच्छी तरह से नष्ट कर दिया है!'
ये भी पढ़ें- West Asia Unrest: ईरान ने तीन देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बरसाईं मिसाइलें, जानें इनका रणनीतिक महत्व
मीडियाकर्मियों पर फेक न्यूज फैलाने के आरोप
उन्होंने फेक न्यूज फैलाने का आरोप लगाते हुए कई मीडिया दिग्गजों को भी आड़े हाथों लिया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, झूठ पर विशेष रूप से कड़ी मेहनत करने वाले लोगों के नाम हैं CNN के एलिसन कूपर, 'कॉन”कास्ट के चेयरमैन ब्रायन एल. रॉबर्ट्स, ABC के जॉनी कार्ल। उन्होंने कॉनकास्ट के NBC फेक न्यूज को हमेशा हारने वाला बताया और कहा, मीडिया में मौजूद धूर्त कभी खत्म नहीं होते, यही कारण है कि उनकी रेटिंग अब तक के सबसे निचले स्तर पर है। इनकी विश्वसनीयता शून्य है।
ट्रंप ने बधाई देने के महज दो घंटे बाद ही सीजफायर की घोषणा कर दी
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि इस्राइल और ईरान के बीच युद्धविराम को लेकर सहमति बन गई है। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, 'अब से लगभग 6 घंटे बाद, जब इस्राइल और ईरान अपने अंतिम मिशनों को पूरा कर लेंगे, युद्ध समाप्त माना जाएगा।'
ट्रंप ने लिखा कि आधिकारिक तौर पर, ईरान युद्ध विराम की शुरुआत करेगा। इसके 12 घंटे बाद इस्राइल युद्ध विराम करेगा। 24 घंटे बाद 12 दिवसीय युद्ध का आधिकारिक अंत हो जाएगा, जिसे पूरी दुनिया सलाम करेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति के मुताबिक युद्ध विराम के दौरान, दूसरा पक्ष शांतिपूर्ण और सम्मानजनक बर्ताव करेगा।