तीन नवंबर को अमेरिका में हुए राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक प्रत्याशी जो बाइडन से शिकस्त खाने के बाद ट्रंप ने दावा किया है कि वे एक बार फिर वापसी करेंगे। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में एक क्रिसमस पार्टी के दौरान अपने समर्थकों से यह बात कहते हुए खुद को 2024 में होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनावों के लिए खुलकर अपनी उम्मीदवारी पेश कर दी। हालांकि उन्होंने अपनी हार स्वीकार नहीं की।
ट्रंप ने क्रिसमस पार्टी के दौरान मेहमानों से कहा कि चार साल बेमिसाल रहे। हम चार साल और करने की कोशिश कर रहे हैं, नहीं तो हम चार साल बाद फिर मिलेंगे। कार्यक्रम में रिपब्लिकन पार्टी के दिग्गज नेता शामिल हुए। हालांकि मीडिया का प्रवेश प्रतिबंधित होने के चलते यह खबर ट्रंप के भाषण का वीडियो सार्वजनिक होने के बाद सामने आई।
बता दें कि ट्रंप ने चुनाव में अपनी हार अब भी स्वीकार नहीं की है। ट्रंप ने कहा कि वे किसी भी चुनाव नतीजे को स्वीकार करने के लिए तैयार हैं, लेकिन उसे सटीक होना चाहिए। ट्रंप ने चुनाव नतीजों को चुनौती देते हुए कानूनी मदद मांगी है जबकि कई अदालतों में उनका केस खारिज हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि मैं चुनाव हार जाता हूं तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन ये नतीजे सही और निष्पक्ष होने चाहिए।
रक्षामंत्री के चयन को लेकर बाइडन पर दबाव
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन पर आगामी रक्षा मंत्री के चयन को लेकर उनकी ही पार्टी के दो अलग-अलग गुट दबाव बना रहे हैं। एक धड़े का कहना है कि इस पद पर किसी अफ्रीकी-अमेरिकी को चुना जाए, जबकि दूसरा धड़ा चाहता है कि इस पद के लिए पहली बार किसी महिला का चयन किया जाए। इसी बीच, कुछ प्रगतिशील समूह महिला दावेदार मिशेल फ्लोर्नी के पुराने रिकॉर्ड के कारण उनका विरोध कर रहे हैं। गृह मंत्रालय के प्रमुख रहे जे जॉनसन भी इस पद के दावेदार हैं। निचले सदन में करीब 100 डेमोक्रेट सदस्य ‘प्रोग्रेसिव कॉकस’ से संबंधित हैं, ऐसे में बाइडन के लिए उनका समर्थन और भरोसा बहुत जरूरी है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव होंगी जेन साकी
राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा व्हाइट हाउस से पिछले चार साल तक झूठी सूचनाएं फैलाने के आरोपों के बीच उनके उत्तराधिकारी जो बाइडन अमेरिकियों से पारंपरिक संवाद के लिए लौटने की कोशिश कर रहे हैं। इसी को देखते हुए उन्होंने विदेश मंत्रालय की पूर्व प्रवक्ता जेन साकी को व्हाइट हाउस प्रेस सचिव पद के लिए नामित किया है। उनके प्रशासन की संचार टीम में सभी महिलाएं होंगी।