फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रंप-अर्दोआन की वार्ता: तुर्किये के लिए खुल सकता है F-35 का दरवाजा; ट्रंप के संकेतों के बड़े हैं मायने

Fri, 26 Sep 2025 12:06 AM IST
दीपक कुमार शर्मा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन

सार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप अर्दोआन से मुलाकात की। ट्रंप ने संकेत दिया कि तुर्किये को एफ-35 लड़ाकू विमान देने पर लगी रोक हट सकती है। बैठक में रूस से तुर्किये की तेल-गैस खरीद पर चिंता जताई गई। ट्रंप ने कहा, अर्दोआन यूक्रेन-रूस मुद्दे पर बड़ा प्रभाव डाल सकते हैं।
 
विज्ञापन
रेसेप तैयप अर्दोआन, डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : एएनआई (फाइल)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार (स्थानीय समयानुसार) को व्हाइट हाउस में तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप अर्दोआन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका जल्द ही अंकारा को उन्नत लड़ाकू विमान एफ-35 की बिक्री पर लगी रोक हटा सकता है।

विज्ञापन


ट्रंप के पहले कार्यकाल में अमेरिका ने नाटो सहयोगी तुर्किये को अपने प्रमुख एफ-35 लड़ाकू विमान कार्यक्रम से हटा दिया था, क्योंकि तुर्किये ने रूस से एस-400 वायु रक्षा प्रणाली खरीदी थी। अमेरिकी अधिकारियों को चिंता थी कि तुर्किये के पास रूस का सिस्टम होने से एफ-35 की तकनीक और क्षमताओं की जानकारी रूस तक पहुंच सकती है। 

ट्रंप ने अर्दोआन के साथ करीब दो घंटे तक की बैठक
ट्रंप ने अर्दोआन के साथ करीब दो घंटे की बैठक की शुरुआत इस उम्मीद के साथ की कि इस मुद्दे का हल निकल सकता है। उन्होंने कहा, 'उन्हें कुछ चीजें चाहिए, हमें कुछ चीजें चाहिए, और हम किसी नतीजे पर पहुंचेंगे। दिन के अंत तक आपको पता चल जाएगा।' राष्ट्रपति ने अर्दोआन से कहा, 'और मुझे लगता है कि आप उन चीजों को खरीदने में सफल होंगे, जिन्हें आप खरीदना चाहते हैं।' बैठक के बाद ट्रंप ने इसे 'अच्छी मुलाकात' बताया, लेकिन ज्यादा जानकारी नहीं दी। 
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: Jaishankar: 'आतंकवाद विकास के लिए स्थायी खतरा, इस पर कड़ा रुख अपनाएं'; यूएन में जयशंकर ने दुनिया को किया आगाह

2019 के बाद अर्दोआन की व्हाइट हाउस की पहली यात्रा
यह अर्दोआन की 2019 के बाद व्हाइट हाउस की पहली यात्रा थी। ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में अर्दोआन के साथ 'बहुत अच्छे रिश्ते' होने की बात कही थी। हालांकि, अमेरिका के अधिकारी लंबे समय से तुर्किये के मानवाधिकार रिकॉर्ड और रूस से उसके घनिष्ठ रिश्तों पर चिंता जताते रहे हैं। गाजा और सीरिया को लेकर तुर्किये और अमेरिका के करीबी सहयोगी इस्राइल के बीच तनाव ने भी रिश्तों को जटिल बनाया है।

ट्रंप ने तुर्किये के रूस के साथ आर्थिक रिश्तों पर जताई चिंता
बैठक में ट्रंप ने मुख्य तौर पर तुर्किये के रूस के साथ जारी आर्थिक रिश्तों पर चिंता जताई। यूरोपीय संघ के 2023 में रूसी तेल पर पाबंदी लगाने के बाद से तुर्किये रूस का सबसे बड़ा खरीदार बन गया है। जनवरी 2023 से अब तक अंकारा ने रूस से 90 अरब डॉलर से ज्यादा का तेल, कोयला और गैस खरीदी है। ट्रंप ने कहा, 'उनके लिए सबसे अच्छा होगा कि वे रूस से तेल और गैस न खरीदें।'

पुतिन-जेलेंस्की अर्दोआन का करते हैं सम्मान
ट्रंप ने यह भी कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की दोनों ही अर्दोआन का सम्मान करते हैं। ट्रंप ने कहा, 'मुझे लगता है कि अगर वह चाहें तो उनका बड़ा प्रभाव हो सकता है।' ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि उन्हें विश्वास है कि यूक्रेन युद्ध में रूस से अपना सारा खोया हुआ इलाका वापस पा सकता है। यह पहले की उनकी उस राय से बिल्कुल अलग था, जिसमें वे कीव को समझौते करने की सलाह देते रहे थे।

अर्दोआन ने कहा- वे एफ-35 पर लगी रोक हटवाना चाहते हैं
अर्दोआन ने साफ कहा कि वे एफ-35 पर लगी रोक हटवाना चाहते हैं। उन्होंने ट्रंप से कहा कि वे इस मुद्दे पर 'गहराई से चर्चा' करने के लिए तैयार होकर आए हैं। डेमोक्रेट राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल में अमेरिका ने अर्दोआन से दूरी बनाए रखी थी। वजह थी- तुर्किये का लोकतांत्रिक ढांचे से पीछे हटना और मॉस्को से उसके नजदीकी रिश्ते। विपक्षी दलों और मानवाधिकार संगठनों का आरोप है कि अर्दोआन ने अभिव्यक्ति की आजादी पर अंकुश लगाया और लोकतंत्र को कमजोर किया है।

ये भी पढ़ें: US Russia Row: अलास्का के पास उड़ते दिखे रूसी लड़ाकू विमान, अमेरिका ने रोके; एक महीने में तीसरी बार हुई घटना
विज्ञापन


अर्दोआन को यूक्रेन-गाजा युद्ध समाप्त करने की कोशिशों में विश्वसनीय मध्यस्थ मानते हैं ट्रंप
ट्रंप इसके उलट अर्दोआन को एक अहम साझेदार और यूक्रेन व गाजा युद्धों को समाप्त करने की कोशिशों में विश्वसनीय मध्यस्थ मानते हैं। ट्रंप का प्रशासन सीरिया को लेकर भी तुर्किये के रुख से काफी हद तक सहमत है। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि सीरिया में पिछले नेता को हटाने की जो सफलता मिली है, उसका श्रेय राष्ट्रपति अर्दोआन को जाता है। वे खुद इसे स्वीकार नहीं करते, लेकिन यह बहुत बड़ी उपलब्धि है।'

यूरोपीय सुरक्षा और काला सागर क्षेत्र में अहम भूमिका निभा सकता है तुर्किये
अर्दोआन मानते हैं कि तुर्किये यूरोपीय सुरक्षा और काला सागर क्षेत्र में अहम भूमिका निभा सकता है। तुर्किये ने यूक्रेन और रूस दोनों के साथ रिश्ते बनाए रखे हैं और खुद को एक भरोसेमंद वार्ताकार के रूप में प्रस्तुत किया है। इस बीच, गाजा युद्ध को लेकर तुर्किये और इस्राइल के रिश्ते बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। अर्दोआन ने संयुक्त राष्ट्र में अपने संबोधन में इस्राइल पर नरसंहार का आरोप लगाया, जिसे अमेरिका और इस्राइल ने खारिज किया। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें