अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
- फोटो : ANI
अमेरिका में आगामी राष्ट्रपति पद के चुनाव को लेकर चुनावी हलचल तेज हो चुकी है। यहां डेमोक्रेटिक पार्टी द्वारा उपराष्ट्रपति पद के लिए भारतीय मूल की कमला हैरिस को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से चुनाव अब और रोमांचक हो गया है। डेमोक्रेटिक पार्टी के इस फैसले पर लगातार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह उपराष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस को खतरे के रूप में नहीं देखते हैं।
ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘मैं (उन्हें लेकर) मुंहफट नहीं रहा हूं। मैंने कहा था कि उन्होंने जो बाइडेन के साथ जितना खराब व्यवहार किया है, वैसा किसी ने नहीं किया। मैंने वो बहस देखी हैं।’ ट्रंप ने कहा, ‘उन्होंने बाइडेन के साथ जैसा बुरा व्यवहार किया, वैसा किसी ने नहीं किया।’ यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें हैरिस को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर कोई समस्या है, ट्रंप ने कहा, ‘बिल्कुल नहीं।’
उल्लेखनीय है कि अमेरिका में नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन ने 55 वर्षीय हैरिस को बुधवार को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुना था। हैरिस अफ्रीकी पिता और भारतीय मां की संतान हैं। ऐसा पहली बार हुआ है, जब कोई अश्वेत महिला देश की किसी बड़ी पार्टी की ओर से उपराष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनी हैं। यदि हैरिस उपराष्ट्रपति बन जाती हैं, तो वह इस पद पर काबिज होने वाली अमेरिका की पहली महिला होंगी।
गौरतलब है कि हैरिस को उम्मीदवार चुने जाने से हैरान ट्रंप और उनके चुनाव प्रचार अभियान ने सीनेटर की आलोचना की है।