अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान से हिजबुल्ला को हटाने के लिए ठोस प्लान का दावा किया है। एक तरफ इस्राइली सेना की वापसी प्रक्रिया जारी है, वहीं दूसरी तरफ सीमा पर लेबनानी सेना पर इस्राइली गोलीबारी से तनाव भी कायम है।
ईरान से जारी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि लेबनान से हिजबुल्ला को हटाने के लिए अमेरिका के पास ठोस योजनाएं हैं। ओवल ऑफिस में लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन के साथ बैठक के दौरान ट्रंप ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि लेबनान के साथ लंबे समय से बुरा व्यवहार हुआ है। अब इस देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पूरा सम्मान और स्थिरता मिलेगी।
विज्ञापन
क्या हिजबुल्ला से सीधी बात करेंगे ट्रंप?
ट्रंप ने साफ कहा कि वे और राष्ट्रपति जोसेफ औन हिजबुल्ला को बाहर करने की रणनीति पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास इसके लिए बहुत ठोस योजनाएं तैयार हैं। इसमें दूसरे देश भी मदद कर रहे हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर लेबनानी राष्ट्रपति कहेंगे, तो वे हिजबुल्ला से सीधे बात करने को भी तैयार हैं। ट्रंप ने कहा, 'मैं हर किसी से बात कर सकता हूं।'
क्या इस्राइली सेना वापस लौट रही है?
ट्रंप ने दक्षिणी लेबनान के जमीनी हालात पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने बताया कि इस्राइली रक्षा बल (IDF) अपने सैनिकों को दूसरे इलाकों में भेज रहे हैं। त्रिपक्षीय ढांचे के तहत इस्राइल पायलट जोन से हट रहा है। यह वापसी फ्रौन, सरीफा और ज़ौतर अल-गर्बिया गांवों में शुरू हो चुकी है। ट्रंप ने इस समझौते की तारीफ की और इसे लेबनान के लिए एक बड़ी कामयाबी बताया।
विज्ञापन
40 साल बाद अमेरिका से लेबनान के बीच फिर शुरू होगी सीधी उड़ान
ट्रंप ने लेबनान को लेकर एक और ऐतिहासिक ऐलान करते हुए कहा है कि वह अमेरिकी विमानन कंपनियों को 40 साल से भी अधिक समय बाद लेबनान के लिए सीधी उड़ानें फिर से शुरू करने की इजाजत देंगे। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, 1980 के दशक में सुरक्षा कारणों और विमान अपहरण की घटनाओं के बाद अमेरिका ने बेरूत के लिए सीधी उड़ानों पर पूरी तरह से बैन लगा दिया था। अब ट्रंप के इस बड़े फैसले से न सिर्फ दोनों देशों के बीच यात्रा का समय और खर्च कम होगा, बल्कि दशकों बाद अमेरिका और लेबनान के बीच व्यापारिक, कूटनीतिक और आर्थिक संबंधों को भी एक नया नया मोड़ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
क्या सीमा पर फिर बढ़ रहा है तनाव ?
एक तरफ समझौते की बात हो रही है, तो दूसरी तरफ सीमा पर हलचल जारी है। लेबनानी सेना ने दावा किया है कि इस्राइली बलों ने उनके सैनिकों के पास गोलीबारी की है। यह घटना तब हुई जब लेबनानी सैनिक ज़ौतर अल-गर्बिया और ज़्रारियेह इलाके में तैनाती के लिए जा रहे थे। लेबनानी सेना का कहना है कि इस्राइल की यह हरकत शांति प्रक्रिया और तैनाती में बाधा डाल सकती है।