डोनाल्ड ट्रंप के अहमदाबाद दौरे को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अहमदाबाद नगर निगम, जिला प्रशासन के कामकाज पर केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी बारीकी से नजर जमाए हुए हैं। अहमदाबाद नगर निगम आयुक्त विजय नेहरा ने बुधवार को कहा कि इस रोड शो में करीब एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। रोड शो की मार्ग योजना के अनुसार ट्रंप और मोदी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से सबसे पहले साबरमती आश्रम आएंगे। यह रोड शो 22 किलोमीटर लंबा होगा जो अहमदाबाद हवाई अड्डे से शुरू होकर मोटेरा स्टेडियम में खत्म होगा।
जानिए अहमदाबाद में डोनाल्ड ट्रंप के कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल
24 फरवरी, अहमदाबाद
- डोनाल्ड ट्रंप का विशेष विमान एयरफोर्स वन 24 फरवरी को सुबह 11.55 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर खुद उनकी अगुवाई करेंगे।
- एयरपोर्ट से मोटेरा स्टेडियम तक डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी 22 किलोमीटर का रोड शो करेंगे। इस रोड शो में भारत की झलक दिखाने के लिए 28 मंच बनाए जा रहे हैं। इसे इंडिया रोड नाम दिया गया है।
- इस दौरान ट्रंप और मेलानिया साबरमती आश्रम भी जाएंगे। जहां इनका केवल 15 मिनट रुकने का कार्यक्रम है। इस दौरान ट्रंप और मेलानिया को चरखा उपहार स्वरूप दिया जाएगा।
- साबरमती आश्रम से निकलकर ट्रंप अहमदाबाद के नवनिर्मित मोटेरा स्टेडियम में 1:15 बजे पहुंचेंगे। यहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 'नमस्ते ट्रंप' कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम 'हाउडी मोदी' जैसा होगा।
- सूत्रों के अनुसार नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इसमें कई बॉलीवुड की हस्तियां भी शामिल होंगी।
- मोटेरा स्टेडियम में ट्रंप और मोदी के ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम के लिए एक लाख से ज्यादा लोगों को बुलाया गया है। इस कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से अमेरिकी मेहमानों के लिए लंच का आयोजन किया जाएगा।
- ट्रंप और मेलानिया तकरीब 150 मिनट अहमदाबाद में रुकेंगे। लंच करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति का काफिला 3:30 बजे आगरा के लिए रवाना हो जाएगा।
अहमदाबाद आया ट्रंप का हेलिकॉप्टर और सुरक्षा उपकरण
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अहमदाबाद की यात्रा के मद्देनजर बीते चार दिन में अमेरिकी वायुसेना के कम से कम तीन सी-17 ग्लोबमास्टर कार्गो विमान सुरक्षा एवं संचार उपकरणों को लेकर यहां उतर चुके हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इन विमानों से ट्रंप का आधिकारिक हेलिकॉप्टर ‘मरीन वन’ और एसयूवी-जैसा वाहन भी पहुंच चुका है।
उन्होंने कहा कि ट्रंप को जिन जगहों की यात्रा करनी है, उन्हें सुरक्षित करने के लिये अमेरिका से कुछ सुरक्षाकर्मी भी यहां पहुंच चुके हैं। ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 24 फरवरी को अहमदाबाद में रोडशो करने और शहर के नवनिर्मित मोटेरा स्टेडियम में उपस्थित लोगों को संयुक्त रूप से संबोधित करने का कार्यक्रम है। ‘नमस्ते ट्रंप’ नाम के इस कार्यक्रम में एक लाख 10 हजार से ज्यादा लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
शहर पुलिस ने भी कहा था कि ट्रंप और मोदी के 22 किलोमीटर लंबे रोडशो के लिये यहां 25 आईपीएस अधिकारियों समेत 10 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा युनाइटेड स्टेट सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों के अलावा एनएसजी और एसपीजी के अधिकारियों की भी तैनाती होगी।