अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को आश्वासन दिया कि रूस के खिलाफ यूक्रेन की रक्षा में मदद के लिए अमेरिकी सैनिक नहीं भेजे जाएंगे। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब एक दिन पहले उन्होंने इस संभावना से इनकार नहीं किया था।
ट्रंप ने एक टीवी साक्षात्कार में यह भी कहा कि यूक्रेन का नाटो में शामिल होना और रूस से क्रीमिया प्रायद्वीप को वापस लेना नामुमकिन है।
ट्रंप ने पहले अमेरिकी सैनिक भेजने की संभावना से नहीं किया था इनकार
रिपब्लिकन राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार (स्थानीय समयानुसार) को व्हाइट हाउस में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं से घंटों बातचीत की। इस दौरान यूक्रेन की सुरक्षा को लेकर बातचीत हुई। जब उनसे पत्रकारों ने पूछा कि क्या अमेरिका, यूरोप के साथ मिलकर यूक्रेन की रक्षा के लिए सैनिक भेजेगा, तो उन्होंने उस समय अमेरिकी सैनिक भेजने की संभावना से इनकार नहीं किया।
ये भी पढ़ें: UK: पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक को नस्लभरी धमकी देने वाला युवक दोषी करार, अदालत ने सुनाई ये सजा
यूक्रेन की सीमा पर नहीं भेजे जाएंगे अमेरिकी सैनिक: ट्रंप
पिछले सप्ताह, अलास्का में ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी। इसके बाद, उन्होंने कहा था कि पुतिन यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी पर बात करने के लिए तैयार हैं। लेकिन मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को एक टीवी कार्यक्रम में जब उनसे पूछा गया कि क्या वे वादा कर सकते हैं कि अमेरिकी सैनिक यूक्रेन की सीमा पर नहीं भेजे जाएंगे, तो ट्रंप ने जवाब दिया, 'ठीक है, मैं आपको आश्वासन देता हूं, और मैं राष्ट्रपति हूं।'
क्रीमिया को वापस लेने और नाटो में शामिल होने की यूक्रेन को छोड़नी होगी उम्मीद
हालांकि, जनवरी 2029 में ट्रंप का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा, उसके बाद अमेरिकी सेना पर उनका कोई अधिकार नहीं रहेगा। ट्रंप ने साक्षात्कार में यह भी कहा कि वे रूस के साथ युद्ध रोकने के लिए कोई समझौता करना चाहते हैं। लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यूक्रेन को क्रीमिया वापस लेने की उम्मीद छोड़नी होगी, जिस पर रूस ने 2014 में कब्जा कर लिया था। साथ ही नाटो सैन्य गठबंधन में शामिल होने की अपनी लंबे समय से चली आ रही आकांक्षाओं को भी त्यागना होगा।
ये भी पढ़ें: Pakistan: पाकिस्तान को घुटनों पर लाया आईएमएफ, बात मानी तो शहबाज सरकार के हाथ से निकल जाएगा केंद्रीय बैंक
ट्रंप ने कहा- दोनों ही चीजें असंभव हैं
ट्रंप ने कहा कि ये दोनों ही चीजें असंभव हैं। उधर, पुतिन भी चाहते हैं कि किसी भी समझौते में यूक्रेन अपनी सेना को डोनेट्स्क और लुहांस्क से हटाए और क्रीमिया को आधिकारिक तौर पर रूस का हिस्सा मान ले।