अमेरिकी अखबार न्यूयार्क टाइम्स ने अपनी एक खास रिपोर्ट में खुलासा किया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने तत्कालीन सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन से कहा था कि वह यूक्रेन को मिलने वाली करोड़ों डॉलर की मदद को तब तक रोकना चाहते हैं जब तक यह देश आगामी राष्ट्रपति चुनाव में विरोधी पार्टी के उम्मीदवार जो बिडेन के खिलाफ जांच में मदद नहीं करता।
अखबार के मुताबिक बोल्टन, विदेश मंत्री माइक पोम्पियो और रक्षा मंत्री मार्क एस्पर यूक्रेन को मदद देने के लिए ट्रंप पर दबाव डाल रहे थे क्योंकि कांग्रेस की इसमें सहमति थी लेकिन अगस्त 2019 में बोल्टन के साथ बातचीत में ट्रंप ने कहा कि जब तक यूक्रेन के अधिकारी बिडेन के खिलाफ जांच में सहयोग नहीं करते, तब तक वे इस देश को मदद देना नहीं चाहेंगे। राष्ट्रपति भवन ने बोल्टन को यह निर्देश भी दिया कि वह और अन्य अधिकारी जांच में सहयोग न करें।