अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को बहरीन के साथ मध्य पूर्व में एक और शांति समझौते की घोषणा की। डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट के माध्यम से यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह इस्राइल के साथ राजनयिक संबंधों को सामान्य करेगा।
इसी के साथ ही 15 सितंबर 2020 को यूएई और इस्राइल के बीच होने जा रहे ऐतिहासिक 'साइनिंग सेरेमेनी' में अब किंगडम ऑफ बहरीन के महाराजा हमद बिन ने ट्रंप के आमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। यह सेरेमनी 15 सितबंर को अमेरिका के राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस में आयोजित की जाएगी।
वहीं, इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि 'ये शांति का नया युग है। शांति के लिए शांति। अर्थव्यवस्था के लिए अर्थव्यवस्था। हमने कई साल तक शांति के लिए कोशिशें की हैं।' बहरीन मध्य पूर्व का चौथा अरब देश बन गया है, जिसने 1948 में इस्राइल की स्थापना के बाद उसे मान्यता दी है। इनके अलावा दो अन्य देश मिस्र और जॉर्डन हैं। जबकि पिछले महीने यूएई ने इस्राइल के साथ शांति समझौता किया है।
बता दें कि नार्वे के एक सांसद क्रिस्चियन टायब्रिंग-गेजेड ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को 2021 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया है। ट्रंप को इस्राइल-यूएई शांति समझौते में उनकी भूमिका के लिए नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।