डोनाल्ड ट्रंप के 2024 का राष्ट्रपति चुनाव लड़ने का एलान कर देने से रिपब्लिकन पार्टी के एक हिस्से बेचैनी है। खास कर कांग्रेस (अमेरिकी संसद) के कई रिपब्लिकन सदस्यों की राय है कि ट्रंप अब पार्टी के लिए बोझ बन गए हैं। उनके मुताबिक इस बात के संकेत बीते आठ नवंबर को हुए मिड टर्म चुनावों में मिले, जब राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रति भारी जन असंतोष के बावजूद रिपब्लिकन पार्टी बड़ी जीत दर्ज करने में नाकाम रही। इस चुनाव के दौरान ट्रंप समर्थित कई खास उम्मीदवार चुनाव हार गए।
विश्लेषकों ने राय जताई है कि ट्रंप को लेकर मोटे तौर पर उनकी पार्टी में कैसी भावनाएं रहती हैं, उसके संकेत अगले छह दिसंबर को जॉर्जिया राज्य से एक सीनेटर के होने वाले चुनाव के नतीजे से तय होगा। आठ नवंबर को यहां हुए चुनाव में कोई उम्मीदवार 50 फीसदी से अधिक वोट हासिल नहीं कर सका। इसलिए अब वहां दोबारा मतदान होगा। संकेतों के मुताबिक रिपब्लिकन नेताओं की नजर यह देखने पर टिकी है ट्रंप की उम्मीदवारी की घोषणा का जॉर्जिया के मतदाताओं पर कैसा असर होता है।
रिपब्लिकन सीनेटर सिंथिया लुमिस ने अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल से कहा- ‘पार्टी के खराब चुनावी प्रदर्शन के पीछे एक प्रमुख कारण ट्रंप का प्रभाव रहा। इसलिए उन्हें अपनी उम्मीदवारी घोषित करने से पहले छह दिसंबर तक इंतजार करना चाहिए था।’ फ्लोरिडा राज्य में भारी बहुमत से जीते गवर्नर रॉन डिसैंटिस का जिक्र करते हुए लुमिस ने कहा- ‘मेरी राय में अब पार्टी के नेता रॉन डिसैंटिस हैं।’
रिपब्लिकन पार्टी के एक अन्य सीनेटर टॉड यंग ने कहा है- ‘मैं एक बार फिर से ट्रंप को पार्टी का उम्मीदवार बनाने के पक्ष में नहीं हूं। मेरी राय में हमें कई रिपब्लिकन दावेदारों पर नजर रखनी चाहिए, जो उम्मीदवारी पाने की होड़ में उतरने वाले हैँ।’ सीनेटर जेरी मोरान ने कहा है कि मिड टर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को गर्भपात और 2020 का राष्ट्रपति चुनाव नतीजा ना स्वीकार करने के ट्रंप के रुख के मुद्दा बन जाने से नुकसान हुआ। इस सवाल पर कि क्या वे ट्रंप का समर्थन करेंगे, मोरान ने कहा- ‘कई रिपब्लिकन नेताओं की राष्ट्रपति चुनाव लड़ने में रुचि है।’
दूसरी तरफ कई रिपब्लिकन नेता खुल कर ट्रंप के समर्थन में सामने आ गए हैं। हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के सदस्य जिम जॉर्डन ने कहा- ‘ट्रंप अमेरिका के सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रपति रहे। मैंने पहले उनका समर्थन किया था और आगे भी करूंगा।’ जनमत सर्वेक्षणों से भी सामने आया है कि रिपब्लिकन समर्थक मतदाताओं में ट्रंप की लोकप्रियता का ऊंचा स्तर बना हुआ है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की तरफ से बीते अक्तूबर में कराए गए एक सर्वे में 93 फीसदी रिपब्लिकन समर्थक मतदाताओं ने राष्ट्रपति के रूप में ट्रंप के कामकाज की तारीफ की थी।
इस बीच कई दूसरे सर्वेक्षणों के औसत के मुताबिक रिपब्लिकन समर्थकों मतदाताओं के बीच रॉन डिसैंटिस की तुलना में ट्रंप अधिक लोकप्रिय हैं। इसके बावजूद रिपब्लिकन पार्टी को चंदा देने वाली कई कंपनियां ट्रंप से किनारा करती दिख रही हैं। एक ऐसी ही प्राइवेट इक्विटी कंपनी ब्लैकस्टोन इंक के सीईओ स्टीफन श्वार्जमैन ने कहा- ‘अमेरिका तब बेहतर प्रदर्शन करता है, जब उसके नेताओं की नजर अतीत पर नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य पर टिकी होती है। इसलिए अब वक्त आ गया है, जब रिपब्लिकन पार्टी नई पीढ़ी को मौका दे।’