अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।
- फोटो : ANI
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को अमेरिका के विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) से औपचारिक रूप से अलग होने का एलान कर दिया। अमेरिकी समाचार वेबसाइट द हिल की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस फैसले की पुष्टि की है।
यह फैसला सोमवार से प्रभावी किया गया है और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव को इस बाबत सूचित कर दिया गया है। ट्रंप ने मई में ही डब्ल्यूएचओ से अमेरिका के अलग होने की घोषणा कर दी थी। ट्रंप ने आरोप लगाया था कि डब्ल्यूएचओ पर चीन का नियंत्रण है और कोविड-19 को लेकर जरूरी स्वास्थ्य सूचनाएं बेहद बाद में जारी की गईं, जिससे अमेरिका सर्वाधिक प्रभावित हुआ है।
दुनिया में अब तक 1.17 करोड़ संक्रमित
बता दें कि दुनिया में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या अब तक 1.17 करोड़ पार हो चुकी है जबकि 5.40 लाख से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। कोरोना से सबसे प्रभावित देशों की सूची में अमेरिका सबसे ऊपर है।
इस बीच, पहले से आर्थिक तंगहाली का शिकार पाकिस्तान अब और भी बुरे हाल में है। यहां 50 फीसदी लोगों की या तो नौकरी चली गई है अथवा वेतन कम हो गए हैं। जबकि ब्राजील में अब भी हालात खराब हैं।