अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भले ही दूसरे महाभियोग में बरी हो गए हों, लेकिन उन्हें कैपिटल बिल्डिंग (संसद भवन) पर हमला मामले में अदालती मुकदमे का सामना करना पड़ सकता है। इस बदलाव से महाभियोग के दौरान ट्रंप के पक्ष में मतदान करने वाले रिपब्लिक पार्टी के सीनेटर भी वाकिफ हैं।
चूंकि ट्रंप अब साधारण नागरिक हो गए हैं, लिहाजा उनके पास कानूनी संरक्षण नहीं है जो राष्ट्रपति पद पर रहने के दौरान उन्हें मिला हुआ था। सीनेट में अल्पसंख्यक नेता केंटकी मिच मैककोनेल ने कहा कि ट्रंप अभी भी एक साधारण नागरिक के रूप में पद पर रहते हुए अपने हर काम के लिए उत्तरदायी हैं।
उन्होंने कहा कि ट्रंप को जवाबदेह ठहराने के लिए सीनेट के मुकदमे से अधिक अदालतें उपयुक्त स्थान हैं। बता दें कि छह जनवरी को कैपिटल भवन पर ट्रंप के समर्थकों ने हमला कर दिया था जिसमें पांच लोगों की मौत हो चुकी है। आरोप है कि ट्रंप ने अपने भाषण के जरिए समर्थकों को हिंसा के लिए भड़काया। इस मामले में ट्रंप को कानूनी कार्यवाही का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि दंगा भड़काने को लेकर ट्रंप को दोषी ठहराए जाने के आसार स्पष्ट नहीं हैं, क्योंकि अदालतों में ऐसे मामलों को लेकर मानक बहुत ऊंचे हैं।
पीड़ित भी कर सकते हैं मुकदमा
ट्रंप के पद छोड़ने के बाद कैपिटल हिंसा के पीड़ित भी ट्रंप के खिलाफ मुकदमा कर सकते हैं। हालांकि ट्रंप के पास कुछ संवैधानिक संरक्षण भी हैं। कोलंबिया अटॉर्नी जनरल कार्ल रैसीन ने कहा, अभियोजक इस पर विचार कर रहे हैं कि हिंसा के लिए लोगों को भड़काने वाले बयान को अपराध ठहराने वाले स्थानीय कानून के तहत ट्रंप पर आरोप लगाए जाएं या नहीं।
कैपिटल दंगा जांच के लिए बढ़ा समर्थन
सीनेट में ट्रंप के बरी होने के बाद अब डेमोक्रेट और रिपब्लिकन दोनों ही पार्टियां संसद भवन (कैपिटल) हमले की जांच उसी तरह स्वतंत्र आयोग से कराने के समर्थन में सामने आ रहे हैं जिस तरह 11 सितंबर को हुए हमले की जांच हुई थी। जांच की योजना के संबंध में सीनेट की ‘सीनेट रूल्स कमेटी’ में इस महीने के आखिर में सुनवाई होनी है।
प्रतिनिधि सभा की स्पीकर नैंसी पेलोसी, डी-कैलिफ ने सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल रसेल ऑनोर को कैपिटल की सुरक्षा प्रक्रिया की समीक्षा का नेतृत्व करने को भी कहा है। दोनों दलों के सांसदों ने भी मामले में अभी और जांच होने के संकेत दिए हैं।