एलिजाबेथ द्वितीय के लिए परिवार की चौथी पीढ़ी की 11वीं संतान के रूप में हैरी और मेगन की दूसरी संतान को एलिजाबेथ तथा हैरी की दिवंगत मां राजकुमारी डायना के सम्मान के तौर पर लिलिबेट डायना नाम दिया गया है।
प्रिंस हैरी को बुधवार को अपनी नवजात पुत्री का नाम अपनी दादी महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के उपनाम (निकनेम) पर लिलिबेट रखने के मामले में एक बयान जारी करना पड़ा। इससे पहले बकिंगम पैलेस के सूत्रों ने दावा किया कि 95 वर्षीय महारानी से नामकरण के फैसले के बारे में पूछा नहीं गया था।
विज्ञापन
शाही महल के एक सूत्र ने बीबीसी से कहा कि दंपती ने अपनी नवजात पुत्री के नामकरण के बारे में महारानी से नहीं पूछा था। उन्होंने इन खबरों को खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा था कि प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल ने नाम के संबंध में जन्म से पहले ही महारानी से बात कर ली थी।
प्रिंस हैरी और डचेस ऑफ ससेक्स मेगन मर्केल की बेटी लिलिबेट ‘लिली’ डायना माउंटबैटन-विंडसर का जन्म कैलिफोर्निया के सेंटा बारबरा में चार जून को हुआ था। ड्यूक और डचेस ऑफ ससेक्स अब यहीं रहते हैं। रविवार को जन्म की आधिकारिक घोषणा की गई थी।
विज्ञापन
वहीं, प्रिंस हैरी और मेगन के प्रवक्ता ने कहा, 'ड्यूक ने घोषणा से पहले ही अपने परिवार से बात कर ली थी। दरअसल सबसे पहले उन्होंने अपनी दादी से ही बात की थी। उन्होंने दादी के सम्मान में अपनी बेटी का नाम लिलिबेट रखने की इच्छा जताई थी। अगर वह समर्थन नहीं करतीं तो वे यह नाम नहीं रखते।'
उल्लेखनीय है कि यह उपनाम तब सामने आया था जब एलिजाबेथ शैशवावस्था में थीं और अपना नाम भी सही से नहीं ले सकती थीं। उनके दादा जॉर्ज पंचम उन्हें प्यार से लिलिबेट पुकारते थे। इसके अलावा, बाद में महारानी के दिवंगत पति ड्यूक ऑफ एडनबर्ग भी महारानी को प्यार से इसी नाम से बुलाते थे।