स्वतंत्र ब्लॉगर जेनिफर जेंग ने चीन पर जासूसी का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया है कि बीजिंग दौरे पर आयोजित दावत में एलन मस्क के पीछे खड़ी महिला वेटर असल में चीनी सेना की कमांडर मेजर चेंग चेंग थी। जेनिफर का कहना है कि चीन ने विदेशी मेहमानों पर नजर रखने के लिए सेना के अधिकारियों को वेटर बनाकर भेजा था। आइए, विस्तार से पूरे मामले को जानते हैं...
चीन पर हमेशा से ही दूसरे देशों की जासूसी करने के गंभीर आरोप लगते रहे हैं। अब एक नई और बेहद चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन की सेना के एक बड़े अधिकारी ने एक खास कार्यक्रम में जासूसी की साजिश रची। यह जासूसी दुनिया के सबसे अमीर इंसान एलन मस्क और अन्य विदेशी मेहमानों पर नजर रखने के लिए की गई थी। इसके लिए चीनी जनरल ने बाकायदा एक वेटर का रूप धारण किया था।
विज्ञापन
जेनिफर जेंग नाम की एक स्वतंत्र ब्लॉगर ने चीन की सरकार पर जासूसी के गंभीर आरोप लगाए हैं। जेनिफर ने सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट किए हैं। उन्होंने बताया है कि जब अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल बीजिंग गया था, तब वहां एक बहुत बड़ी दावत रखी गई थी। यह दावत उनके सम्मान में थी। बता दें कि ट्रंप मौजूदा अमेरिका के राष्ट्रपति हैं। इसी दावत में एलन मस्क भी मौजूद थे। जेनिफर का दावा है कि इस दावत में जो महिला वेटर बनकर एलन मस्क के ठीक पीछे खड़ी थी, वह असल में चीन की सेना की एक बहुत बड़ी और सम्मानित अधिकारी है।
जेनिफर जेंग ने अपनी बात को साबित करने के लिए सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं।
उन्होंने चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की दावत में खाना परोसने वाली दो महिला वेटर्स की तस्वीर दुनिया के सामने रखी है।
ब्लॉगर का दावा है कि इन्हीं दोनों महिलाओं की सेना की वर्दी वाली तस्वीरें चीन के सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से शेयर की जा रही हैं।
एलन मस्क के पीछे खड़ी महिला असल में कौन थी?
अपनी अगली पोस्ट में जेनिफर ने उस महिला वेटर की पूरी पहचान भी बता दी है। उन्होंने दावा किया कि एलन मस्क के पीछे जो महिला वेटर बनकर खड़ी थी, उसका असली नाम मेजर चेंग चेंग है। यह महिला कोई आम सैनिक नहीं है, बल्कि चीन की सेना की एक एलीट बटालियन की कमांडर है। चेंग चेंग ने ही चीन की सेना के बड़े कार्यक्रमों के लिए सैन्य नियम लिखे हैं। जेनिफर ने यह भी शक जताया है कि दावत के दौरान चेंग चेंग ने अपनी लाल रंग की ड्रेस के नीचे कोई बंदूक या हथियार छिपा रखा था।
क्या ब्लॉगर ने पहले भी चीन पर साजिश रचने के आरोप लगाए?
यह कोई पहला मौका नहीं है जब जेनिफर जेंग ने चीन पर इस तरह के जासूसी और साजिश रचने के आरोप लगाए हैं। साल 2023 में भी उन्होंने एक बड़ा खुलासा किया था। जेनिफर ने दावा किया था कि कनाडा में मारे गए खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भी चीनी कम्युनिस्ट पार्टी का ही हाथ था। उनके अनुसार, चीन की इस साजिश का मुख्य मकसद भारत को फंसाना और बदनाम करना था, ताकि भारत और पश्चिमी देशों के बीच में दुश्मनी और झगड़ा पैदा किया जा सके।