बांग्लादेश की राजधानी ढाका में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास सोमवार रात दो देसी बम धमाके हुए। इन धमाकों में तीन राहगीर घायल हो गए। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर देश में राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। हसीना दिसंबर में बांग्लादेश लौट सकती हैं। इसी आशंका के बीच देश के कई हिस्सों में हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, अभी तक इन बम धमाकों का शेख हसीना की संभावित वापसी से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है।
बम धमाके कहां हुए और पुलिस ने क्या बताया?
बांग्लादेशी अखबार ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, पहला धमाका हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहरी गेट के पास हुआ। दूसरा धमाका एयरपोर्ट के नजदीक जसीमुद्दीन इलाके में हुआ। एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी कमरुल इस्लाम तलुकदार ने बताया कि कुछ उपद्रवियों ने फ्लाईओवर से दो बम फेंके थे। इसकी वजह से तीन राहगीरों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में हिंसा क्यों?
बांग्लादेश में पिछले कई दिनों से हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। इनमें ट्रेन, बस और बैंकों को आग लगाने की घटनाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने इनमें से कई घटनाओं के लिए अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है।
दरअसल, अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद हसीना देश छोड़कर भारत आ गई थीं। उनकी सरकार के सत्ता से हटने के बाद अवामी लीग को राजनीतिक गतिविधियों और चुनावों में हिस्सा लेने से रोक दिया गया है। अब दिसंबर में हसीना की संभावित वापसी की चर्चाओं के बीच सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की हिंसा या तोड़फोड़ को रोकने की तैयारी कर रही हैं।
क्या शेख हसीना ने बांग्लादेश लौटने की शुरू कर दी है तैयारी?
पिछले सप्ताह शेख हसीना ने नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र के लिए आवेदन किया था। उन्होंने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन को ईमेल के जरिए पत्र भेजा था। इसमें 79 वर्षीय हसीना ने अपने वकील के माध्यम से कार्यवाहक उच्चायुक्त से नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया था। इस घटनाक्रम को दिसंबर में उनकी संभावित वापसी की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: आसियान देशों के पर्यटकों को मिलेगा फ्री ई-वीजा: समुद्री सहयोग से लेकर परमाणु ऊर्जा तक, भारत ने रखे कई प्रस्ताव
मौत की सजा और प्रत्यर्पण की मांग के बीच क्या है हसीना की मुश्किल?
बांग्लादेश में शेख हसीना के सामने कई गंभीर कानूनी चुनौतियां हैं। 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई के मामले में एक विशेष न्यायाधिकरण ने उन्हें उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई है। हालांकि, हसीना ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है और सुनवाई की वैधता पर सवाल उठाए हैं।
बांग्लादेश सरकार ने उन्हें भगोड़ा आतंकवादी और तानाशाह बताते हुए नया पासपोर्ट या यात्रा दस्तावेज जारी करने की संभावना से इनकार किया है। बांग्लादेश ने भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग भी की है। भारत ने प्रत्यर्पण से जुड़े अनुरोध मिलने की पुष्टि की है, लेकिन उन्हें बांग्लादेश सौंपने पर कोई फैसला सार्वजनिक नहीं किया है।
भारत का कहना है कि इस मामले की तय प्रक्रियाओं के तहत जांच की जा रही है। हसीना बांग्लादेश के संस्थापक नेता शेख मुजीबुर रहमान की बेटी हैं और उन्होंने करीब 15 साल तक देश पर शासन किया था। उनकी सरकार पर मानवाधिकार उल्लंघन और राजनीतिक विरोधियों को दबाने के आरोप लगते रहे हैं।