राफेल का मतलब आंधी : राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री ने कहा, ‘आज भारत के लिए ऐतिहासिक दिन है। भारत में दशहरा मनाया जा रहा है, वहीं वायुसेना का 87वां स्थापना दिवस भी है। फ्रेंच में राफेल का मतलब होता है ‘आंधी’। यह अपने नाम के मुताबिक, हमारी वायुसेना की क्षमता में इजाफा करेगा।’
उड़ान से पहले की विधिवत ‘शस्त्र पूजा’
राफेल में उड़ान भरने से पहले राजनाथ सिंह ने विधिवत शस्त्र पूजा की। राजनाथ ने राफेल पर ओम लिखा। तिलक लगाकर फूल और नारियल चढ़ाया। इसके साथ ही टायर के आगे नींबू भी रखे। इसके बाद रक्षामंत्री ने मेरीनेक एयरबेस से दसॉल्ट एविएशन के हेड टेस्ट पायलट फिलिप ड्यूश के साथ राफेल में करीब 30 मिनट उड़ान भरी। इससे पहले, राजनाथ सिंह ने ‘तेजस’ में भी उड़ान भरी थी।
आसमान में बढ़ेगी वायुसेना की ताकत
रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, वायुसेना के बेड़े में राफेल शामिल होने के बाद देश की सामरिक ताकत में इजाफा होगा। पाकिस्तान के पास इसकी क्षमता का कोई विमान नहीं है, लिहाजा वह आंख उठाकर देखने की भी हिमाकत नहीं करेगा।
पाक के एफ-16 से कहीं ज्यादा ताकतवर
पाकिस्तान के एफ-16 जेट की तुलना में राफेल हर मायने में ताकतवर है। पाक को अमेरिका ने यह विमान दिया है। एफ-16 का रडार सिस्टम 84 किलोमीटर के दायरे में 20 टारगेट की पहचान करता है, जबकि राफेल 100 किलोमीटर के दायरे में 40 टारगेट पहचान सकता है।
राफेल जहां करीब 300 किलोमीटर की दूरी पर लक्ष्य को भेद सकता है, वहीं एफ-16 ज्यादा से ज्यादा 100 किलोमीटर के दायरे में निशाना साध सकता है। राफेल 24.5 टन वजन के हथियार लेकर उड़ने में सक्षम है, जबकि एफ-16 21.7 टन वजन लेकर उड़ सकता है।
स्काल्प-मिटियॉर मिसाइलों से लैस
राफेल मिटियॉर और स्काल्प मिसाइलों से लैस है, जो इसकी सबसे बड़ी ताकत है। ये मिसाइलें वायुसेना को हवा से हवा में मार करने की अद्भुत क्षमता देंगी। विमान को हर तरह के मिशन पर भेजा जा सकता है। राफेल हर मौसम में एक साथ कई काम करने में सक्षम है, इसलिए इसे मल्टीरोल फाइटर विमान के तौर पर जाना जाता है। यह परमाणु हमले से लेकर लंबी दूरी के मिसाइल हमले में सक्षम है।
राफेल में होंगे ये अहम बदलाव
भारत को मिलने वाले राफेल विमान में छह अहम बदलाव किए गए हैं। इसे इस्राइली हेलमेट माउंटेड डिस्प्ले, रडार वार्निंग रिसीवर, लो बैंड जैमर्स, 10 घंटे का फ्लाइट डाटा रिकॉर्डिंग सिस्टम, इंफ्रारेड सर्च और ट्रैकिंग सिस्टम जैसी क्षमताओं से लैस किया गया है।