बांग्लादेश के लिए अच्छी खबर है। बच्चों के कुपोषण के मामले में अब बांग्लादेश ने खुद को पहले से काफी बेहतर बना लिया है। कुपोषण की दर तेजी से गिरी है। पिछले छह सालों में बांग्लादेश में यह दर करीब 14 फीसदी कम हुई है। बांग्लादेश ने बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, साफ सफाई से लेकर पानी और सैनिटेशन जैसे मामलों में काफी सुधार किया है।
यूनिसेफ और बांग्लादेश ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स (बीबीएस) ने एक रिपोर्ट जारी करते हुए सोमवार को बताया कि बांग्लादेश में 2013 में जहां कुपोषण की दर 42 फीसदी थी, वह 2019 में घटकर 28 फीसदी रह गई है। यहां तक कि पिछले 30 सालों में वहां शिशु मृत्यु दर में भी खासी कमी आई है।
मल्टिपल इन्डिकेटर क्लस्टर सर्वे (एमआईसीएस) की ओर से किए गए इस सर्वे में एक खास तथ्य और सामने आया है। अब बांग्लादेश में पीने के साफ पानी की समस्या कम हुई है, साफ सुथरे शौचालयों की संख्या बढ़ी है और स्कूलों में बच्चों की हाजिरी बढ़ी है। ये सर्वे देश के सभी 64 जिलों के करीब 61242 घरों में बातचीत के बाद किया गया।