तिब्बती धर्मगुरु 14वें दलाई लामा तेनजिन ग्यात्सो ने एक नई उपलब्धि अपने नाम करते हुए पहला ग्रैमी अवॉर्ड जीत लिया है। शांति, करुणा और मानव मूल्यों पर आधारित उनकी ऑडियो रिकॉर्डिंग ‘मेडिटेशंस : द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा’ के लिए उन्हें संगीत जगत के सबसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है। 68वें वार्षिक ग्रैमी पुरस्कार समारोह में उनके एल्बम 'मेडिटेशन: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा' को यह सम्मान दिया गया।
दलाई लामा को अवार्ड मिलने पर भड़का चीन
चीन इस सम्मान पर भड़क गया है और कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दलाई लामा राजनीतिक अलगाववादी हैं। किसी भी मंच पर उन्हें सम्मानित करना चीन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के खिलाफ है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन ने कहा, दलाई लामा धर्म की आड़ में चीन विरोधी अलगाववादी गतिविधियों में लिप्त एक राजनीतिक निर्वासित है। लॉस एंजिलिस में दुनिया के प्रतिष्ठित 68वें ग्रैमी अवॉर्ड समारोह के दौरान रविवार को ऑडियो बुक, कथावाचन और किस्सागोई (स्टोरीटेलिंग) रिकॉर्डिंग की सबसे महत्वपूर्ण श्रेणी में दलाई लामा को विजेता घोषित किया गया। ग्रैमी पुरस्कारों की घोषणा होते ही दुनियाभर में उनके अनुयायियों और समर्थकों में उत्साह फैल गया। सोशल मीडिया पर बधाइयों की झड़ी लग गई।
जिस ऑडियो एल्बम के लिए दलाई लामा को ग्रैमी अवॉर्ड मिला है, वह दुनिया भर के लोगों को शांति का संदेश देती है। एल्बम ‘मेडिटेशन: रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा’ तिब्बती बौद्ध गुरू के विचारों का संग्रह है। इसमें करुणा, मन की शांति को बढ़ाने पर विचार साझा किए गए हैं। यह एल्बम दुख से उबरने की राह दिखाती है। इसमें म्यूजिक, मेडिटेशन और आध्यात्मिक विचार सभी कुछ शामिल हैं। दलाई लामा की इस ऑडियो एल्बम का मकसद दुनिया भर में सद्भाव और खुशहाली को बढ़ाना है।
अवॉर्ड मिलने पर आई दलाई लामा की प्रतिक्रिया
तिब्बती आध्यात्मिक धर्मगुरू दलाई लामा ने सोमवार को कहा कि ग्रैमी पुरस्कार जीतना उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि एक साझा सार्वभौमिक जिम्मेदारी की पहचान है। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दलाई लामा ने कृतज्ञता और विनम्रता व्यक्त की और कहा कि वे इस पुरस्कार को व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में नहीं देखते हैं।
दलाई लामा ने कहा, 'मैं इस सम्मान को कृतज्ञता और विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं। मैं इसे व्यक्तिगत रूप से नहीं देखता, बल्कि हमारी साझा सार्वभौमिक जिम्मेदारी की मान्यता के रूप में देखता हूं।' उन्होंने कहा, 'मेरा दृढ़ विश्वास है कि शांति, करुणा, पर्यावरण की देखभाल और मानवता की एकता की समझ आठ अरब मनुष्यों के सामूहिक कल्याण के लिए आवश्यक है। मैं आभारी हूं कि ग्रैमी पुरस्कार से मिली यह पहचान इन संदेशों को और अधिक व्यापक रूप से फैलाने में मदद कर सकती है।'
के-पॉप ने जीता पहला ग्रैमी पुरस्कार
'के-पॉप डेमन हंटर्स' के गाने 'गोल्डन' ने प्रीमियर समारोह में विजुअल मीडिया के लिए लिखित गीत का पुरस्कार जीता, जो किसी के-पॉप कलाकार द्वारा ग्रैमी पुरस्कार जीतने का पहला मौका है। गीतकारों ने अपना स्वीकृति भाषण अंग्रेजी और कोरियाई दोनों भाषाओं में दिया, जिससे गाने की द्विभाषी अपील उजागर हुई।
ये भी पढ़ें: Dalai Lama: दलाई लामा ने जीता पहला ग्रैमी, किस कैटेगरी में मिला अवॉर्ड? जानें ‘स्पोकन वर्ड’ से जुड़ी खास बातें
ईजीओटी बने विजेता
संगीत श्रेणी का पुरस्कार 'म्यूजिक फॉर जॉन विलियम्स' को मिला, जिसका मतलब है कि निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग ने आधिकारिक तौर पर अपना पहला ग्रैमी पुरस्कार जीत लिया है। इसके साथ ही वे ईजीओटी विजेता बन गए हैं। यानी एक ऐसे कलाकार जिनके पास एमी, ग्रैमी, टोनी और ऑस्कर पुरस्कार हैं।
अन्य वीडियो