भारतीय अमेरिकी कांग्रेस के उम्मीदवार सूरज पटेल
भारतीय अमेरिकी कांग्रेस के एक उम्मीदवार में कोरोना की पुष्टि हुई है। न्यूयॉर्क के 12वें जिले में कांग्रेस की सीट के लिए पार्टी उम्मदीवार सूरज पटेल की कोरोना वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सूरज पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के कैंपेन टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं। सूरज पटेल ने सोमवार को सोशल मीडिया और ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म मीडियम पर पोस्ट किए गए एक बयान में कोरोना संक्रमित होने का खुलासा किया।
पटेल डेमोक्रेटिक प्राइमरी में चल रहे हैं, जो न्यूयॉर्क के 12वें जिले में कांग्रेस की सीट के लिए कैरोलिन मैलोनी की जगह ले रहे हैं। पटेल ने अपने बयान में कहा कि लगभग 10 दिन पहले उन्हें अपने सीने में जकड़न और सांस लेने में दिक्कत आनी शुरू हुई जिसके बाद 102 डिग्री का बुखार आया। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही के हित में, मैं घोषणा कर रहा हूं कि मैं कोविड-19 पॉजिटिव हूं।
पटेल ने एक बयान में कहा, मुझे व्यक्तिगत रूप से यह कहते हुए खुशी हो रही है कि मैं अब पूरी तरह से ठीक हो गया हूं और अस्पताल के दिशा-निर्देशों के अनुसार कुछ दिनों में काम करने लगूंगा। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक अमेरिका में मरने वालों की संख्या बढ़कर 3000 से अधिक हो गई है।