दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस के कहर के बीच बुधवार को संसदीय चुनाव में मतदाताओं ने जमकर हिस्सा लिया। मतदान केंद्रों पर लोगों ने मास्क पहने रखा और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया। नेशनल असेंबली के 300 सदस्यों को चुनने के लिए यह चुनाव ऐसे समय कराए गए, जब देश कोरोना महामारी से जूझ रहा है।
कोरोना संक्रमण फैलने के शुरुआती दौर में चीन के बाद दक्षिण कोरिया में ही सबसे ज्यादा मामले पाए गए थे। देश में अब तक साढ़े दस हजार मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन बड़े पैमाने पर किए गए टेस्ट और तमाम उपायों के जरिये महामारी पर काफी हद तक काबू पाया जा चुका है। इसी के चलते चुनाव कराने की राह आसान हुई। चुनावों को स्थगित करने की मांग भी उठी थी, लेकिन सरकार ने कराने का फैसला लिया।