कोरोना महामारी की दूसरी लहर में मिला कोरोना का रूप बी.1.617 दुनिया के 53 देशों तक पहुंच गया है। डब्ल्यूएचओ को अनाधिकारिक तौर पर यह भी सूचना मिली है कि वायरस का बी.1.17 रूप और 7 देशों में मिला है। जिससे इसकी पहुंच 60 देशों तक हो गई है। ब्रिटेन में वायरस के इस रूप से संक्रमित होने वालों की संख्या 2500 के पार हो गई है।
ब्रिटेन का टीकाकरण पर जोर
भारत में पहली बार मिले कोरोना के रूप में बी1.617.2 से ब्रिटेन दहशत में है। इससे बचाव के लिए सरकार टीकाकरण पर जोर दे रही हैं। ब्रिटेन में इस रूप की चपेट में आने वाले आधे मामलों की सीक्वेंसिंग हो रही है। वैज्ञानिकों का कहना है कि ये रूप सर्दियों में तबाही मचाने वाले रूप के मुकाबले ज्यादा संक्रामक है। ब्रिटेन में 65 वर्ष के ऊपर वाले हर 5 में से 4 व्यक्ति को वैक्सीन की दोनों डोज लाख चुकी हैं।
ब्राजील में 3% नए केस बढ़े
डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट के अनुसार, बीते सात दिनों में भारत में सबसे अधिक 18,46,055 मामले सामने आएं। इसमें भी पहले की तुलना में गिरावट आई है। ब्राजील में नए मामलों में तीन फीसदी बढ़ोतरी हुई है और कुल आंकड़ा 4,51,424 रहा है। अर्जेंटीना में 41% की बढ़ोतरी हुई है।
दुनिया में सात दिन में 84,000 मोतें
डब्ल्यूएचओ ने अपनी ताजा रिपोर्ट में बताया है कि बी.1.617 वायरस तेजी के साथ फैल रहा है। दुनियाभर में भी बीते एक सप्ताह में 41 लाख नए मामले सामने आए हैं और 84,000 मौतें दर्ज हुई हैं।