न्यूयॉर्क में पुलिस कर रही बल प्रयोग :
न्यूयॉर्क शहर में सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए गठित विशेष पुलिस बल द्वारा लोगों के साथ मारपीट के कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिसके खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। वीडियो में एक पुलिस अधिकारी एक अश्वेत व्यक्ति के पीछे भागते हुए दिख रहा है। मुंह के बल उसे जमीन पर गिरा देता है। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सामाजिक दूरी का पालन करवाने के लिए पुलिस के इस्तेमाल को रोकने को कहा है। हालांकि मेयर बिल डे ब्लासिओ ने इससे इनकार कर दिया है।
स्पेन : लॉकडाउन में ढील से नाराज अधिकारी का इस्तीफा
स्पेन में अब तक 2,56,855 लोग कोरोना संक्रमित हैं, जबकि 26,000 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। यहां मैड्रिड शहर सबसे ज्यादा प्रभावित है। सरकार के लॉकडाउन में ढील देने के फैसले से नाराज होकर यहां के स्वास्थ्य प्रमुख योलांडा फ्यूंटेंस ने इस्तीफा दे दिया है। संक्रमण के मामलों में अब कमी आई है। एक दिन पहले यहां करीब तीन हजार मामले सामने आए।
जर्मनी में लगातार बढ़ रहे हैं संक्रमण
जर्मनी में 24 घंटे में संक्रमितों के 1,209 नए मामले सामने आए हैं। इससे एक दिन पहले देश में 1,284 नए मामले सामने आए थे और 123 लोगों की मौत हुई थी। अब तक 1.41 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हो गए हैं।
रूस : फ्रांस से भी अधिक हुए पॉजिटिव
रूस ने संक्रमण के मामले में जर्मनी व फ्रांस को पीछे छोड़ पांचवें नंबर पर आ गया है। रूस में लगातार छठे दिन 10,000 से ज्यादा संक्रमित मिले हैं। यहां 24 घंटे में 10,699 लोग संक्रमित मिले। देश में संक्रमण के मामले 1,87,859 हो गए हैं।