दुनिया भर में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। विश्व में कोरोना वायरस से अब तक 4.69 करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हो गए हैं। वहीं 12 लाख से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इन दिनों यूरोपीय देशों समेत कई अन्य देशों में कोरोना वायरस की दूसरी लहर देखने को मिल रही है। इस पर काबू पाने के लिए ज्यादातर देश दोबारा लॉकडाउन लगा रहे हैं। इससे यात्रा उद्योग समेत कई व्यापार तबाही की कगार पर आ गए हैं, जिससे लाखों की संख्या में लोग बेरोजगार हो गए हैं। इन लोगों के घरों में दो वक्त खाने के लाले पड़ने लगे हैं।
ब्रिटेन में उद्योगों के बंद होने और लोगों को नौकरी से निकालने को मजबूर व्यापार प्रमुखों ने इसे लेकर रविवार रात सरकार को चेतावनी दी है। एसोसिएशन ऑफ ब्रिटिश ट्रैवल एजेंट्स ने कहा कि गुरुवार से देश में पूर्ण लॉकडाउन लागू हो जाएगा। इसका मतलब है कि अंतरराष्ट्रीय और घरेलू यात्राओं पर प्रतिबंध लग जाएगा। इससे ट्रैवल उद्योग पर एक महीने के लिए पूरी तरह शटडाउन लागू हो जाएगा।
रिफंड के लिए लंबी लड़ाई
रविवार से बड़ी संख्या में लोगों ने फ्लाइट की टिकटों को रद करना शुरू कर दिया है।दोबारा लॉकडाउन लागू होने से छुट्टियों में घूमने जाने का प्लान कैंसिल करने के बाद अब हजारों परिवारों को अपने रिफंड के लिए लंबी लड़ाई लड़नी होगी।