दुनिया भर में कोरोना वायरस का कहर अभी भी जारी है। इससे अब तक दुनिया भर में 4.12 करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं 11 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके मरीजों के दोबारा संक्रमित होने के कई मामले सामने आ चुके हैं। इस बीच अमेरिकी प्रांत ओक्लाहोमा की एक महिला ने दूसरी बार कोरोना संक्रमण को मात देने के बाद लोगों को इसके प्रति सावधानी बरतने की अपील की है।
दुनिया भर में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का खौफ चरम पर था। लोग अपने स्वास्थ्य को लेकर सतर्कता बरत रहे थे, उस वक्त मैं कोरोना संक्रमित हुई और ठीक हो गई। मुझे लगा कि मैं इम्यून हूं और मुझे दोबारा कोरोना नहीं हो सकता, इसलिए मैं थोड़ी बेफ्रिक हो गई थी। लेकिन जब दूसरी बार कोरोना से संक्रमित हुई, तो मौत को बड़े नजदीक से देखा। यह बहुत ही डरावना दृश्य था। यह कहना है दूसरी बार कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीतने वाली ओक्लाहोमा की 46 वर्षीय लेस्ली तान्यन का।