कोरोना को लेकर अब चीन में हालात सामान्य होने लगे हैं, वुहान से निकली इस वैश्विक महामारी से दुनिया अभी भी जूझ रही है, लेकिन यहां अब एक भी संक्रमित नहीं बचे हैं। चीन में एक करोड़ लोगों की जांच के बाद अब बीजिंग में दिशानिर्देशों में ढील दे दी गई है।
महामारी के केंद्र रहे वुहान में सभी संक्रमित मरीजों के ठीक होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, तो वहीं बीजिंग में कोविड-19 आपातकालीन प्रतिक्रिया के स्तर को कम करने का फैसला लिया गया।
बीजिंग के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र ने 17 मई को कहा था कि मास्क लगाना बहुत जरूरी नहीं है। शुक्रवार को बीजिंग निकाय सरकार ने कहा कि हुबेई प्रांत के लोगों के लिए विमान और ट्रेन के टिकट खरीदने पर पाबंदी को हटा लिया जाएगा। हालांकि उच्च और माध्यम खतरे वाले स्थानों पर पाबंदी जारी रहेगी।
बीजिंग निकाय सरकार के उप महासचिव चेन बेई ने कहा कि बीजिंग के रिहायशी स्थानों में अब लोगों का तापमान नहीं मापा जाएगा हालांकि पंजीकरण अभी भी जरूरी होगा। पर्यटन सेक्टर में बीजिंग कुछ नियमों के साथ स्थानीय स्तर पर सामूहिक यात्रा की अनुमति देगा। बाहर से देश के भीतर आने वाले और देश से बाहर जाने वाले पर्यटकों पर पाबंदी जारी रहेगी।
निकाय सरकार के अनुसार सम्मेलन, प्रदर्शनी, खेल और मनोरंजन के आयोजन कुछ प्रतिबंधों के साथ किए जा सकेंगे। स्कूलों में पठन पाठन विधिवत चालू रहेगा और मास्क लगाना अनिवार्य नहीं होगा।