वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का कहर जारी है। दुनिया भर में अब तक कोरोना से 5.67 करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं कोरोना वायरस से 13.57 लाख से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, अब वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि कोविड-19 से दुनिया भर में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या की तुलना में कोरोना मरीजों की संख्या में छह गुना का इजाफा हो सकता है। ऐसे में अगर आप भी कोरोना वायरस से बचाव संबंधी नियमों में लापरवाही बरत रहे हैं, तो सावधान हो जाइए।
वैज्ञानिकों ने कहा कि कोविड-19 महामारी के कारण वैश्विक संक्रमणों की वास्तविक संख्या अब तक ज्ञात मामलों की तुलना में छह गुना तक अधिक हो सकती है।
इन देशों में संक्रमण दर बहुत अधिक
ऑस्ट्रेलियाई नेशनल यूनिवर्सिटी (एएनयू) और यूनिवर्सिटी ऑफ मेलबर्न के शोधकर्ताओं के अनुसार, मार्च और अगस्त के दौरान 15 देशों में संक्रमण की दर दर्ज मामलों की तुलना में औसतन 6.2 गुना अधिक थी। रॉयल सोसाइटी ओपन साइंस नामक पत्रिका में प्रकाशित रिपोर्ट के अुनसार, ब्रिटेन, फ्रांस, बेल्जियम और इटली में कोरोना वायरस संक्रमण दर ज्ञात मामलों की तुलना में बहुत अधिक है तथा इटली के मामले में तो यह 17 गुना अधिक है।