गुवाहाटी एयरपोर्ट पर जांच करते स्वास्थ्यकर्मी (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कोरोनावायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए इसे महामारी (पैनडेमिक) घोषित कर दिया है। डब्ल्यूएचओ के प्रमुख ने बुधवार को इस बारे में बताया। डब्ल्यूएचओ प्रमुख टेडरॉस अधानोम घेब्रेसुस ने कहा, 'COVID-19 को पैनडेमिक कहा जा सकता है। हमने कभी भी कोरोनावायरस की वजह से महामारी फैलते नहीं देखा है।' उन्होंने इसके फैलने पर चिंता भी जताई। दुनियाभर के विशेषज्ञों समेत डब्ल्यूएचओ ने इसे 'एपिडेमिक' कहा था।
वैश्विक संगठन का कहना है कि चीन से बाहर यह बीमारी 13 गुना ज्यादा फैल चुकी है। अमेरिका के एलर्जी व इंफेक्शियस राष्ट्रीय संस्थान के निदेशक एंथॉनी फाउसी के मुताबिक यह वायरस सामान्य फ्लू से 10 गुना ज्यादा खतरनाक है।
वर्ष 2009 के बाद नए कोरोनावायरस को महामारी घोषित किया गया है। उस समय इन्फ्लुएंजा वायरस से लाखों लोग संक्रमित हो गए थे।
'एपिडेमिक' और 'पैनडेमिक' में अंतर
जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर लॉरेंस ओ गॉस्टिन के मुताबिक किसी खास देश या क्षेत्र विशेष में फैली बीमारी को एपिडेमिक कहा जाता है। जबकि दुनिया के अधिकतर हिस्सों में फैलने के बाद इसे पैनडेमिक करार दिया जाता है।