पूरी दुनिया कोरोना वायरस के संकट से जूझ रही है। इसी बीच दुनियाभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 15 लाख से अधिक हो गई है। आधिकारिक सूत्रों से एकत्रित किए गए आंकड़ों के अनुसार, गत वर्ष चीन में इस वायरस के सामने आने के बाद से 192 देशों और क्षेत्रों में अब तक 88 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 15 लाख 17 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं, जबकि तीन लाख 30 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं।
राष्ट्रीय प्रशासनों और विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों से बनी तालिका संक्रमण के वास्तविक मामलों का केवल एक हिस्सा है। कई देश केवल गंभीर मामलों की ही जांच कर रहे हैं।अमेरिका में यह महामारी बहुत तेजी से फैल रही है वहां 14,817 लोगों की मौत समेत 4,32,132 संक्रमित मामले दर्ज किए गए हैं। अमेरिका में एक दिन में कोरोना के 33 हजार नए मामले सामने आए हैं, जबकि 1,973 लोगों की जान गई है।
ब्रिटेन में एक दिन 938 लोगों ने दम तोड़ा है। देश में मौतों का आंकड़ा सात हजार से ज्यादा हो गया है, जबकि 60 हजार 733 लोग संक्रमित हैं। उधर, कोरोना से संक्रमित ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अभी भी आईसीयू में हैं। 10 डाउनिंग स्ट्रीट के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री का हौसला बहुत मजबूत है। उनकी हालत अब बेहतर है।
स्पेन में 14,555 लोगों की मौत के साथ 1,46,690 मामले सामने आए हैं। इटली में 1,39,422 लोग संक्रमित हो चुके हैं जिनमें से 17,669 लोगों की मौत हो चुकी है। इस संक्रामक रोग से सबसे ज्यादा प्रभावित यूरोप है जहां 7,72,592 मामले दर्ज किए गए और 61,118 लोगों की मौत हो चुकी है।